विरोधियों के स्टंप उखाड़ रही बुंदेलखंड की बेटी पं. धीरेंद्र शास्त्री

Advertisement
छतरपुर। महिला क्रिकेट विश्व कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मध्य प्रदेश और बुंदेलखंड का नाम रोशन करने वाली अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट खिलाड़ी क्रांति गौड़ मंगलवार को बागेश्वर धाम पहुंचीं। इस अवसर पर बागेश्वर धाम पीठाधीश पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने उन्हें मंगल आशीर्वाद प्रदान किया एवं कन्या विवाह महोत्सव का निमंत्रण दिया।
पं. धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि क्रांति बुंदेलखंड की ऐसी बेटी हैं जो अपने शानदार प्रदर्शन से विरोधी टीमों के स्टंप उखाड़ देती हैं। उन्होंने कहा कि क्रांति एक साधारण परिवार से निकलकर कठिन परिश्रम के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंची हैं और आज क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी क्रांति गौड़ ने अपने ऑस्ट्रेलिया दौरे से पूर्व बालाजी के दर्शन कर बागेश्वर महाराज का आशीर्वाद लिया। उल्लेखनीय है कि क्रांति छतरपुर जिले के घुवारा गांव की निवासी हैं। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल जिला बल्कि पूरा बुंदेलखंड गौरवान्वित हुआ है।
क्रांति गौड़ ने अपने वक्तव्य में कहा कि बागेश्वर महाराज गरीब बेटियों के विवाह के लिए भगवान के स्वरूप में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कामना की कि बालाजी उन्हें इसी प्रकार शक्ति और सामर्थ्य प्रदान करते रहें, ताकि वे जरूरतमंद परिवारों की सहायता करते रहें।
विनय चौरसिया की सराहना
इस अवसर पर बागेश्वर महाराज ने विनय चौरसिया की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने पेप्टिक टाउन में क्रांति को विश्वस्तरीय क्रिकेटर बनने हेतु सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराईं। उनके मार्गदर्शन और सहयोग से ही क्रांति का चयन प्रदेश, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संभव हो सका।
सुंदरकांड मंडल कार्यालय में स्वागत
शहर के सागर रोड स्थित बागेश्वर धाम सुंदरकांड मंडल के केंद्रीय कार्यालय में क्रांति गौड़ का आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय समिति एवं शिष्य मंडल के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
