मैहर, पुष्पेन्द्र कुशवाहा। मैहर में जबलपुर में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे में 13 लोगों की मौत के बाद शोक की लहर फैल गई है। हादसे में जान गंवाने वालों की आत्मा की शांति के लिए युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि अर्पित की।


हाथों में मोमबत्तियां लिए कार्यकर्ताओं ने मौन धारण कर मृतकों को याद किया और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए हादसे के लिए प्रशासनिक लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया।


कार्यकर्ताओं का कहना है कि यदि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए होते तो इतनी बड़ी दुर्घटना टल सकती थी। उन्होंने जबलपुर में हुई इस घटना को गंभीर लापरवाही का परिणाम बताया।


युवा कांग्रेस ने पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी शामिल हुए और सभी ने मिलकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।