नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के सोहागपुर क्षेत्र में ट्रैक्टर चालक को रास्ते में रोककर रुपयों की मांग करने और विरोध करने पर मारपीट व तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि अपने गांव लौट रहे चालक को तीन युवकों ने रेलवे फाटक के पास रोककर गाली-गलौज की और रुपयों के लिए दबाव बनाया। मना करने पर आरोपियों ने हाथ-थप्पड़ों से मारपीट की तथा कुल्हाड़ी से हमला कर ट्रैक्टर में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों को दबोच लिया है और उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल व कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली है।


21 नवंबर की शाम निवारी रेलवे फाटक के पास हुई थी घटना

पुलिस के अनुसार, ग्राम रिछेड़ा निवासी सुनीत (पिता राजेश पालीवाल, 25 वर्ष) ने 22 नवंबर को थाना सोहागपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 21 नवंबर की शाम करीब 4:30 बजे वह शोभापुर से ट्रैक्टर लेकर अपने गांव रिछेड़ा जा रहा था। इसी दौरान ग्राम निवारी स्थित रेलवे फाटक के पास ग्राम भट्टी निवासी अरुण पूर्विया, रितिक उर्फ रितेश पूर्विया और निशांत पूर्विया मोटरसाइकिल से पहुंचे और ट्रैक्टर के सामने बाइक अड़ाकर रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए सुनीत से रुपयों की मांग की। सुनीत द्वारा रुपए देने से मना करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, कुल्हाड़ी से वार कर ट्रैक्टर में तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी दी।



BNS की धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों को भेजा गया न्यायालय

शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित की। टीम ने कार्रवाई करते हुए अरुण (पिता प्रभुदयाल पूर्विया), रितिक उर्फ रितेश (पिता विनय कुमार पूर्विया) और निशांत उर्फ निरंजन उर्फ भैय्यू (पिता सुनील ठाकुर)—तीनों निवासी ग्राम भट्टी—को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और कुल्हाड़ी जब्त की तथा तीनों को न्यायालय में पेश किया।


आरोपियों की गिरफ्तारी व सामग्री जब्ती में थाना प्रभारी निरीक्षक गिरीश त्रिपाठी, एसआई विवेक यादव, एसआई राहुल पटेल, एएसआई हरपाल सिंह चौहान, एएसआई गणेश राय, प्रधान आरक्षक साजिद अली, भूपेश मिश्रा तथा आरक्षक राममोहन रजक, अंकुश कौरव, मनोहर दायमा, सुनील ओझा, अजमेर सिंह परिहार, अफसर खान, संतोष टेकाम, अभिषेक गोलिया, राजेंद्र तोमर, अजय चौधरी, साइबर आरक्षक दीपेश सोलंकी और प्रशांत राजपूत की भूमिका रही।