दमोह, राजेन्द्र तिवारी। बटियागढ़ कृषि उपज मंडी में संचालित मूंग उपार्जन केंद्र पर किसानों से कथित अवैध वसूली और खरीदी में अनियमितताओं के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। कलेक्टर के निर्देश पर गठित जांच दल की रिपोर्ट के आधार पर बटियागढ़ थाने में तीन कर्मचारियों सहित चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।


सहायक आयुक्त सहकारिता दमोह कार्यालय के पत्र के आधार पर पुलिस ने समिति प्रबंधक रूपसिंह लोधी, कंप्यूटर ऑपरेटर देवेंद्र कुमार, सर्वेयर ध्रुव राम साहू और बाहरी व्यक्ति मनोज जैन के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(2) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


बताया जा रहा है कि मूंग खरीदी केंद्र पर किसानों से कथित अवैध वसूली से जुड़े वीडियो वायरल होने और शिकायतें सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया था। कलेक्टर के निर्देश पर कृषि और राजस्व विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में मंडी पहुंचकर मामले की जांच की गई। इस दौरान किसानों के बयान भी दर्ज किए गए।


जांच में मूंग खरीदी प्रक्रिया में अनियमितताएं सामने आने की बात कही गई है। वहीं मनोज जैन नामक बाहरी व्यक्ति के बिना किसी शासकीय आदेश के खरीदी केंद्र की गतिविधियों में दखल देने और पैसों के लेन-देन में शामिल होने की बात भी जांच में सामने आई।


बटियागढ़ तहसीलदार योगेंद्र चौधरी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। यदि जांच में यह पाया जाता है कि किसी व्यापारी ने किसानों के नाम का गलत इस्तेमाल कर मूंग की खरीदी या बिक्री की है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल बटियागढ़ पुलिस ने चारों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है