दतिया, जीतेन्द्र यादव। दतिया विधानसभा क्षेत्र के बसई में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद की विशाल आमसभा आयोजित की गई। सभा में हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए और दतिया विधानसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी दामोदर यादव के समर्थन में उत्साहपूर्वक अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
आमसभा के दौरान उपस्थित लोगों ने आगामी 30 जुलाई को होने वाले मतदान में केतली चुनाव चिन्ह के सामने वाला बटन दबाकर आजाद समाज पार्टी को विजयी बनाने का संकल्प लिया। सभा में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने सामाजिक न्याय एवं बदलाव के समर्थन में नारे लगाए।
सभा को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि दामोदर यादव सामाजिक न्याय की लड़ाई के एक क्रांतिकारी सिपाही हैं। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि दामोदर यादव को भारी मतों से विजयी बनाकर मध्य प्रदेश विधानसभा भेजें, ताकि वंचित, शोषित एवं पिछड़े वर्गों की आवाज मजबूती से सदन में उठाई जा सके।
वहीं पार्टी प्रत्याशी दामोदर यादव ने अपने संबोधन में सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने मान्यवर कांशीराम के कथन का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि प्रमुख राजनीतिक दलों ने ऐसे उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं जो क्रमशः सामंतशाही और मनुवादी विचारधारा का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने दावा किया कि दतिया की जनता इस बार दोनों विचारधाराओं को नकारते हुए आजाद समाज पार्टी के पक्ष में मतदान करेगी और पार्टी को भारी मतों से विजय दिलाएगी।




