छतरपुर। पूरे बुंदेलखंड इलाके में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप अपने चरम पर पहुंच गया है। क्षेत्र के नौगांव और विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी खजुराहो में तापमान लगातार नए रिकॉर्ड तोड़ रहा है। आज स्थिति यह रही कि सुबह से ही आसमान से बरसती तीखी धूप ने लोगों को झुलसा कर रख दिया। नौगांव और खजुराहो में पारा 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
नौगांव मौसम केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में गर्म हवाओं के थपेड़े और तेज धूप के कारण तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे पार जाने की संभावना बनी हुई है। मौसम वैज्ञानिकों ने आने वाले दिनों में भी लू का प्रकोप जारी रहने की आशंका जताई है और लोगों को दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
दिन के समय, विशेषकर दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक हालात ऐसे बन रहे हैं मानो सड़कों पर आग बरस रही हो। तीखी धूप और झुलसाने वाली गर्म हवाओं के कारण मुख्य बाजारों, चौराहों और सड़कों पर पूरी तरह सन्नाटा पसर जाता है। अति आवश्यक या आपातकालीन काम होने पर ही लोग अपने चेहरे और सिर को सूती कपड़े से पूरी तरह ढककर घरों से बाहर निकल रहे हैं। गर्मी का सीधा असर व्यापार और दैनिक मजदूरी करने वाले लोगों पर भी पड़ रहा है।
इस झुलसा देने वाली गर्मी और प्यास से राहत पाने के लिए लोग ठंडे पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं। बाजारों में गन्ने का रस, लस्सी, छाछ, नींबू पानी और फलों के जूस की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखी जा सकती है। डॉक्टरों ने भी इस मौसम में शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) से बचने के लिए अधिक से अधिक तरल पदार्थों का सेवन करने और बिना वजह धूप में न निकलने की एडवायजरी जारी की है।



