सतना, सजल कुमार रजक। गांधी जयंती के अवसर पर ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान के तहत रामपुर बघेलान नगर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। विधायक विक्रम सिंह ने बस स्टैंड से मुख्य बाजार तक सफाई अभियान में सहभागिता कर नागरिकों को स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने दुकानदारों से अपनी दुकानों के सामने डस्टबिन रखने और कचरा निर्धारित कचरा वाहन में डालने की अपील की।
इस दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रम के तहत नगर के स्वच्छता मित्रों का सम्मान किया गया। विधायक ने स्वच्छता मित्रों को सुरक्षा सामग्री एवं यूनिफॉर्म भेंट की। साथ ही फूल-माला पहनाकर उनका स्वागत किया और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया।
विधायक विक्रम सिंह ने कहा कि नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में स्वच्छता मित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके कार्य का सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने आम नागरिकों से भी स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।
कार्यक्रम में नगर विधायक प्रतिनिधि अशोक सिंह, मंडल अध्यक्ष संजय मिश्रा, विजय नाथ त्रिपाठी, एल्डरमैन दिनेश सोनी, सुंदर गुप्ता, कमलेश साकेत, मुख्य नगर पालिका अधिकारी पूजा द्विवेदी, उपयंत्री विश्वजीत कुशवाहा, पार्षद शिवांक त्रिपाठी, अब्दुल इश्क खां, पार्षद नीतू सहित नगर पालिका कर्मचारी और बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।











