उज्जैन, अशोक दायमा। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को उज्जैन पहुंचे और पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता पारस जैन के निधन पर उनके निवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने पार्थिव शरीर पर भाजपा का ध्वज अर्पित कर अंतिम नमन किया। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं भी व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पारस जैन के निधन को भारतीय जनता पार्टी और मध्य प्रदेश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि पारस जैन जनसंघ के समय से सक्रिय राजनीति में रहे और संगठन के साथ जनता की सेवा में अपना पूरा जीवन समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने उनके साथ बिताए राजनीतिक जीवन के अनुभवों को याद करते हुए कहा कि लंबे समय तक उन्हें पारस जैन के साथ काम करने का अवसर मिला और उनका मार्गदर्शन हमेशा प्रेरणादायी रहा।
77 वर्षीय पारस जैन पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थे और जुपिटर अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। तीन दिन पहले उन्होंने जैन परंपरा के अनुसार संथारा ग्रहण किया था। सोमवार को उनका निधन हो गया।
पारस जैन उज्जैन उत्तर विधानसभा क्षेत्र से छह बार विधायक चुने गए थे और मध्य प्रदेश सरकार में दो बार मंत्री भी रहे। राजनीति के अलावा खेल और व्यायाम से भी उनका गहरा जुड़ाव था। वे वर्षों तक गुरु अखाड़े में नियमित रूप से व्यायाम करते रहे। बढ़ती उम्र के बावजूद उनका अखाड़े जाना जारी रहा, जिसके चलते उज्जैन में लोग उन्हें स्नेहपूर्वक 'पहलवान' के नाम से भी जानते थे।
मुख्यमंत्री के साथ भाजपा के कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी पारस जैन को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। वरिष्ठ नेता के निधन से उज्जैन सहित प्रदेशभर में शोक की लहर है।




