भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश में मूंग खरीदी को लेकर सियासत तेज हो गई है। भोपाल में आयोजित कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के सचिव कुणाल चौधरी ने केंद्र और राज्य सरकार पर किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों की मूंग की उचित खरीदी नहीं की जा रही है, जिससे किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।


कुणाल चौधरी ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों के मुद्दे पर केवल नूराकुश्ती कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार द्वारा स्वीकृत कोटे का केवल दो फीसदी मूंग ही खरीदा गया है, जबकि अधिकांश किसान अपनी उपज बेचने के लिए परेशान हैं। उन्होंने कहा कि मजबूरी में किसान बाजार में कम कीमत पर अपनी मूंग बेचने को विवश हैं, जिसका फायदा भाजपा से जुड़े लोग और कथित माफिया उठा रहे हैं।


कांग्रेस नेता ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा करने में सरकार पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि फसल बीमा के नाम पर बीमा कंपनियां मुनाफा कमा रही हैं, जबकि किसानों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा। उनके अनुसार यह वर्ष "किसान कल्याण" नहीं बल्कि "किसानों के मातम का वर्ष" साबित हुआ है।


उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बुदनी में भोपाल प्रदर्शन के लिए आ रहे किसानों को रास्ते में रोक दिया गया, जिससे सरकार का किसानों के आंदोलन से डर साफ दिखाई देता है। कुणाल चौधरी ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश के किसानों की 100 प्रतिशत मूंग खरीदी की मांग कर रही है और सरकार को तत्काल प्रभाव से सभी किसानों की उपज समर्थन मूल्य पर खरीदनी चाहिए।


कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। पार्टी ने सरकार से किसानों के हित में तत्काल निर्णय लेने तथा मूंग खरीदी की प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रभावी बनाने की मांग की।