छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। शहर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ियों, बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के विरोध में विशाल मशाल रैली निकाली। इस रैली का नेतृत्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष सोनू मांगो ने किया। कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुई यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई अंबेडकर चौक पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


रैली में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी देखने को मिली। लंबे समय बाद शहर कांग्रेस इतने संगठित और आक्रामक अंदाज में सड़कों पर नजर आई। राजनीतिक गलियारों में भी इस रैली को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। माना जा रहा है कि कांग्रेस अब जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।


जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने कहा कि नीट परीक्षा में सामने आई अनियमितताओं ने लाखों छात्रों और उनके परिवारों की उम्मीदों को गहरा आघात पहुंचाया है। वहीं लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है।


शहर कांग्रेस अध्यक्ष सोनू मांगो ने कहा कि यह आंदोलन केवल एक रैली तक सीमित नहीं रहेगा। यदि सरकार ने युवाओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर जल्द निर्णय नहीं लिया तो कांग्रेस इस आंदोलन को जन आंदोलन में बदल देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक जनता की आवाज मजबूती से उठाती रहेगी।


गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से सोनू मांगो लगातार संगठन को सक्रिय करने में जुटे हुए हैं। उनके नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता वार्ड और बूथ स्तर पर फिर से सक्रिय दिखाई देने लगे हैं, जिससे आने वाले समय में शहर की राजनीति और अधिक गर्माने के संकेत मिल रहे हैं।