रायगढ़/धरमजयगढ़ (रोहित तिर्की)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर धरमजयगढ़ मंडल कांग्रेस द्वारा श्रद्धा और सेवा भावना के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत गांधी चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई।


इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ‘महात्मा गांधी अमर रहें’, ‘लाल बहादुर शास्त्री अमर रहें’, ‘जय जवान-जय किसान’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष लगाए। कांग्रेसजनों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को याद करते हुए उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

सिविल अस्पताल पहुंचकर मरीजों को बांटे फल

माल्यार्पण कार्यक्रम के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता धरमजयगढ़ सिविल अस्पताल पहुंचे। यहां भर्ती मरीजों के बीच फल वितरित किए गए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि गांधी जयंती केवल महात्मा गांधी को स्मरण करने का अवसर नहीं, बल्कि उनके सत्य, अहिंसा, सेवा और मानवता के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने का दिन भी है।

गांधी के विचारों को जीवन में अपनाने का आह्वान

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महात्मा गांधी का पूरा जीवन सत्य, अहिंसा और मानव सेवा के लिए समर्पित रहा। उनके विचार आज भी समाज को शांति, सद्भाव और मानवता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। इसी भावना के साथ अस्पताल में मरीजों के बीच फल वितरण कर सेवा कार्य किया गया।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में मंडल कांग्रेस अध्यक्ष संतोष प्रधान, पार्षद हाफिजुल्ला खान, डॉ. खुर्शीद खान, वरिष्ठ नेता जितेन्द्र नरसिंह राणा, वरिष्ठ नागरिक आर.के. तिवारी, राजीव अग्रवाल, श्याम जिंदल, मेराज खान, अखिलेश जैकब, भवानी सोनी, सुरेश यादव, राफेल टोप्पो, जय यादव, गौरव सोनी, अंजना चौहान, शिव कुमार और हीरा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।