सागर। देवरी विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस ने पूर्व मंत्री हर्ष यादव के मार्गदर्शन में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आशीष बाबा राजोरिया के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय के सामने एक दिवसीय धरना दिया गया और महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई। धरने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को उठाते हुए शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। किसानों को गेहूं खरीदी में हो रही दिक्कतों, समय पर तुलाई न होने, स्लॉट बुकिंग की परेशानी और प्रशासनिक लापरवाही से हो रहे आर्थिक नुकसान का मुद्दा प्रमुख रूप से उठाया गया। इसके साथ ही ग्रामीण इलाकों में पेयजल संकट, खराब पड़े हैंडपंप और जल जीवन मिशन में अनियमितताओं को लेकर भी सवाल खड़े किए गए।


प्रदर्शन के दौरान अघोषित बिजली कटौती को लेकर भी नाराजगी जताई गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इससे आम नागरिकों के साथ-साथ किसानों की कृषि गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं और बिजली बिलों का बोझ भी बढ़ता जा रहा है। ज्ञापन में प्रमुख मांगों में गेहूं खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने, किसानों की पूरी उपज खरीदने की गारंटी, पेयजल समस्या का त्वरित समाधान, सुचारु विद्युत आपूर्ति और भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई शामिल रही। धरने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। इस मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।