मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। शहर में गहराते जल संकट को लेकर कांग्रेस पार्षद दल ने मंगलवार को नगर पालिका के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और महिलाओं ने नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर पानी के मटके फोड़ते हुए प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया और शहरवासियों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की।

प्रदर्शन की शुरुआत कांग्रेस कार्यालय से हुई, जहां से विधायक विपिन जैन, जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र सिंह गुर्जर और नेता प्रतिपक्ष रफत पयामी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पार्षद रैली के रूप में नगर पालिका पहुंचे। इस दौरान महिलाएं सिर पर पानी के मटके लेकर शामिल हुईं और नगर पालिका के मुख्य द्वार तथा अध्यक्ष कक्ष के बाहर मटके फोड़कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।

प्रदर्शनकारी नगर पालिका अध्यक्ष के कक्ष के बाहर धरने पर बैठ गए और नगर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। काफी देर तक चले प्रदर्शन के दौरान नगर पालिका के सीएमओ या कोई जिम्मेदार अधिकारी ज्ञापन लेने नहीं पहुंचा, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ता और अधिक नाराज हो गए। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने अपना ज्ञापन नगर पालिका के बाहर ही टांग दिया।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शहर को जल संकट से राहत दिलाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार द्वारा करोड़ों रुपये की योजनाएं स्वीकृत की गई थीं, लेकिन भ्रष्टाचार और लापरवाही के कारण उनका लाभ जनता तक नहीं पहुंच सका। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही शहर में पेयजल व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। कांग्रेस ने मांग की कि शहरवासियों को नियमित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाए तथा जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं।