सिवनी, सतीश चंद्रा। सिवनी के सुनारी मोहल्ला में 12 जून की रात हुई गोलीबारी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि विवादित प्रॉपर्टी को खाली कराने के लिए सुनियोजित तरीके से फायरिंग कराई गई थी। पुलिस के अनुसार भोपाल से आए शूटर निखिल बाथम और गोलू अहिरवार को इस वारदात के लिए हायर किया गया था। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे अमन चौहान और गौरव दीक्षित के संपर्क में थे तथा फायरिंग के लिए मोटरसाइकिल भी उपलब्ध कराई गई थी। पुलिस जांच में पता चला कि विवादित संपत्ति में गौरव दीक्षित की साझेदारी थी, जिस पर कृष्णा चौरसिया का कब्जा था। साजिश के तहत फायरिंग कर कृष्णा चौरसिया पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कराने और दबाव बनाकर संपत्ति खाली कराने की योजना बनाई गई थी। पुलिस ने निखिल बाथम, गोलू अहिरवार और अमन चौहान को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी गौरव दीक्षित की तलाश जारी है।