मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के गरोठ से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। गरोठ थाना क्षेत्र के लुक्का गांव में एक सात साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी तनाव और आक्रोश का माहौल है। गुस्साए लोगों ने गरोठ में चक्काजाम कर बाजार बंद करवा दिए हैं और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा उसके मकान पर बुलडोजर चलाने की मांग की है।

सोमवार शाम से लापता थी मासूम बच्ची

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सात वर्षीय यह मासूम बच्ची सोमवार शाम से अपने घर से अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी का मामला दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू कर दी थी। मंगलवार को लुक्का गांव के खेतों की तरफ खून से लथपथ बच्ची का शव बरामद हुआ, जिसके बाद उसे गरोठ अस्पताल ले जाया गया।

आरोपी निकला पिता के साथ मजदूरी करने वाला शख्स

इस जघन्य वारदात को अंजाम देने वाला 30 वर्षीय आरोपी कोई और नहीं, बल्कि मृत बच्ची के पिता के साथ ही खेत पर मजदूरी करने वाला एक व्यक्ति था। दोनों आसपास के खेतों में मजदूरी करते थे। किसी को यह अंदाजा भी नहीं था कि साथ में काम करने वाला यह शख्स इतनी घिनौनी वारदात को अंजाम दे देगा। इस दर्दनाक घटना के सामने आने के बाद से मृतका के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

लोगों का फूटा गुस्सा, गरोठ में किया चक्काजाम

घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग गरोठ अस्पताल और सड़कों पर उतर आए। लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने गरोठ में चक्काजाम कर बाजार पूरी तरह बंद करवा दिए। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए मंदसौर एसपी समेत आसपास के कई थानों का पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, प्रदर्शनकारी आरोपी को उनके हवाले करने की मांग पर अड़ गए थे, लेकिन पुलिस की समझाइश के बाद आखिरकार चक्काजाम समाप्त हुआ।