भोपाल। बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान की एक इंस्टाग्राम पोस्ट को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। स्टाइलिस्ट द्वारा शेयर की गई तस्वीरों में करीना कपूर जो आभूषण पहने नजर आ रही हैं, उन्हें लेकर भोपाल में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने भोपाल कोर्ट के माध्यम से अपने वकील जफर के जरिए अभिनेत्री को लीगल नोटिस भेजा है।

भोपाल रियासत की ऐतिहासिक विरासत है पेंडेंट

मामले की जानकारी देते हुए अब्बास हफीज ने बताया कि तस्वीरों में दिख रहा पेंडेंट और कलगी भोपाल रियासत और वहां के राजपरिवार की बेशकीमती विरासत का हिस्सा हैं। उन्होंने साफ किया कि करीना के लिबास या कलगी पहनने पर उन्हें कोई एतराज नहीं है, लेकिन जो पेंडेंट उन्होंने पहना है, वह करीब 400 साल पुराना एक ऐतिहासिक आभूषण है।

पवित्र कुरान की आयतों से जुड़ा धार्मिक महत्व

अब्बास हफीज के अनुसार, इस 400 साल पुराने पेंडेंट पर पवित्र कुरान की आयतें उकेरी गई हैं। इसका निर्माण भोपाल की बेगमों—शाहजहां बेगम और सुल्तान जहां बेगम—ने अपनी इबादत और आस्था के लिए कराया था।

'फैशन और दिखावे के लिए नहीं था निर्माण'

नोटिस में कहा गया है कि यह पेंडेंट पूरी तरह से धार्मिक और इबादत के मकसद से बनाया गया था, इसे फैशन या दिखावे के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। धार्मिक आस्था से जुड़े प्रतीक को इस तरह प्रदर्शित करने पर ही आपत्ति जताते हुए कानूनी नोटिस भेजा गया है।