सतना, सजल रजक। मध्य प्रदेश के सतना स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में पेप्टेक ग्रुप द्वारा नन्हें बच्चों की रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से किड्स आर्ट फेस्टिवल के पहले राउंड का सफल आयोजन किया गया। इस कला उत्सव में विद्यालय के नर्सरी, केजी और कक्षा पहली तक के लगभग 300 नन्हे-मुन्ने बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। बच्चों ने रंगों और रेखाओं के माध्यम से अपनी असीम कल्पनाशीलता को ड्राइंग शीट पर खूबसूरती से उकेरा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बाल्यकाल से ही बच्चों के भीतर छिपी रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास और कला के प्रति रुझान को प्रोत्साहित करना है।


प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय परिसर में रंगों और बाल प्रतिभा का अनूठा संगम देखने को मिला। नन्हें चित्रकारों ने अपनी उम्र से बढ़कर प्रकृति, परिवार और अपनी पसंदीदा दुनिया को चित्रों के रूप में प्रस्तुत किया। हर बच्चे ने अपनी मौलिक सोच और क्रिएटिविटी का शानदार परिचय दिया। शिक्षकों और आयोजकों ने बच्चों की एकाग्रता और रंगों के बेहतरीन संयोजन की जमकर सराहना की। कार्यक्रम के दौरान बच्चों का उमंग और ऊर्जा पूरे समय देखने लायक रही।


किड्स आर्ट फेस्टिवल का यह प्रारंभिक चरण था, जिसमें 300 प्रतिभागियों ने अपनी दावेदारी पेश की। जूरी द्वारा प्रथम राउंड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नन्हे कलाकारों का चयन किया जाएगा। चयनित प्रतिभागियों को अब आगामी 21 नवंबर को आयोजित होने वाले ग्रैंड फाइनल राउंड में अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा, जहां विजेताओं को विशेष रूप से पुरस्कृत व सम्मानित किया जाएगा।


इस सफल आयोजन के दौरान पेप्टेक ग्रुप की ओर से अखिल सिंह, शाहनाज, अनुपमा, श्रद्धा सिंह परिहार और अमन सहित पूरी प्रबंधकीय टीम उपस्थित रही। टीम के सदस्यों ने बच्चों के बीच पहुंचकर उनके बनाए चित्रों का अवलोकन किया, उनका उत्साहवर्धन किया और शिक्षकों के साथ मिलकर आयोजन व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित कराया।