नई दिल्ली। मेडिकल क्षेत्र से जुड़े जो लोग नौकरी की तलाश में जुटे हैं, उनके लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी), दिल्ली ने विभिन्न स्पेशलिटी के आधार पर सीनियर रेजिडेंट, कॉन्ट्रैक्चुअल स्पेशलिस्ट और कॉन्ट्रैक्चुअल सुपर स्पेशलिस्ट के कुल 40 पदों को भरने के लिए एक अधिकारिक विज्ञापन प्रकाशित करके रिक्तियों की घोषणा की है। ईएसआईसी की ओर से जारी 40 रिक्तियों में सीनियर रेजिडेंट के 19, कॉन्ट्रैक्चुअल स्पेशलिस्ट के 13 और कॉन्ट्रैक्चुअल सुपर स्पेशलिस्ट के 8 पद शामिल हैं। वहीं, जिन स्पेशलिटी के आधार पर सीनियर रेजिडेंट के 19 पदों पर भर्ती निकली है, उनमें एनेस्थिसियोलॉजी के साथ आईसीयू में 2, डर्मेटोलॉजी में 1, गायनेकोलॉजी में 1, पैथोलॉजी में 1, पीडियाट्रिक्स के साथ एनआईसीयू में 5, साइकियाट्री में 1, रेडियोलॉजी में 2, सर्जरी में 4, मेडिकल ऑन्कोलॉजी में 1 और नेफ्रोलॉजी में 1 पद है।

कॉन्ट्रैक्चुअल स्पेशलिस्ट के 13 पदों में एनेस्थीसिया के साथ आईसीयू में 1, बायो-केमिस्ट्री में 1, चेस्ट में 1, डेंटल (एंडोडॉन्टिस्ट) में 1, आंख में 1, गायनेकोलॉजी में 1, मेडिसिन में 2, रेडियोलॉजी में 3 और एक्सीडेंट एवं इमरजेंसी में 2 पद शामिल हैं। वहीं, कॉन्ट्रैक्चुअल सुपर स्पेशलिस्ट के 8 पदों में कार्डियोलॉजी, मेडिकल ऑन्कोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, न्यूरोलॉजी, एंडोक्राइनोलॉजी, यूरोलॉजी और रुमेटोलॉजी में 1-1 पद शामिल है।

इन सभी पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन-इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी सीनियर रेजिडेंट के लिए 67,700 से 1,50,294 रुपए के बीच कॉन्ट्रैक्चुअल स्पेशलिस्ट के लिए 1,50,294 रुपए (जूनियर स्पेशलिस्ट) से 1,74,936 रुपए (सीनियर स्पेशलिस्ट) के बीच और कॉन्ट्रैक्चुअल सुपर स्पेशलिस्ट के लिए 2,00,000 रुपए (सुपर स्पेशलिस्ट - एंट्री लेवल) से 2,40,000 रुपए (कंसल्टेंट-सीनियर लेवल) होगी।

इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से सीनियर रेजिडेंट के लिए संबंधित विशेषज्ञता में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री या डिप्लोमा और दिल्ली मेडिकल काउंसिल या मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया में पंजीकृत होने चाहिए।

कॉन्ट्रैक्चुअल स्पेशलिस्ट के लिए संबंधित विशेषज्ञता में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री/डिप्लोमा के साथ एमबीबीएस; पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री प्राप्त करने के बाद 3 वर्ष का अनुभव या पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद 5 वर्ष का अनुभव होना चाहिए। इसके अलावा, दिल्ली मेडिकल काउंसिल या मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया में पंजीकरण होना आवश्यक है।

वहीं, डेंटल के लिए एमडीएस (एंडोडोंटिस्ट में स्पेशलिटी के साथ), पोस्ट-ग्रेजुएट डिग्री प्राप्त करने के बाद 3 वर्ष का अनुभव और दिल्ली डेंटल काउंसिल या नेशनल डेंटल कमीशन में रजिस्टर्ड होना चाहिए।

कॉन्ट्रैक्चुअल सुपर स्पेशलिस्ट के लिए एमबीबीएस, एमडी/एमएस/डीएनबी के साथ संबंधित सुपर स्पेशलिटी में डीएम/डीएनबी/एमसीएच की डिग्री और दिल्ली मेडिकल काउंसिल या मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया में पंजीकरण होना चाहिए। इसके अलावा एंट्री लेवल के लिए पोस्ट-ग्रेजुएट डिग्री प्राप्त करने के बाद संबंधित सुपर-स्पेशियलिटी में तीन वर्ष का अनुभव या पोस्ट-ग्रेजुएट डिप्लोमा के बाद पांच साल का अनुभव। वहीं, सीनियर लेवल के लिए पोस्ट-ग्रेजुएट डिग्री प्राप्त करने के बाद संबंधित सुपर-स्पेशियलिटी में पांच वर्ष का अनुभव जरूरी है।

आवेदकों की अधिकतम आयु सीनियर रेजिडेंट के लिए 45 वर्ष, कॉन्ट्रैक्चुअल स्पेशलिस्ट के लिए 69 वर्ष और कॉन्ट्रैक्चुअल सुपर स्पेशलिस्ट के लिए 69 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 3 नवंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, सीनियर रेजिडेंट पोस्ट के लिए आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

वॉक-इन-इंटरव्यू 3 नवंबर को 'ईएसआईसी अस्पताल, श्री आनंदमयी मार्ग, चरण 1, ओखला, नई दिल्ली - 110020' पर आयोजित किए जाएंगे, जिसके लिए उम्मीदवारों का केंद्र पर रिपोर्ट करने का समय सुबह 9 बजे से 11 बजे तक तय किया है। ऐसे में जो अभ्यर्थी साक्षात्कार में शामिल होने वाले हैं, उन्हें समय से केंद्र पर पहुंचने के अलावा अपने साथ भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी के साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल और फोटोकॉपी को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है।

आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले ईएसआईसी-दिल्ली की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें और याद से इंटरव्यू के दिन अपने केंद्र पर ले जाएं।

वॉक-इन-इंटरव्यू के दिन केंद्र पर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवारों को निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा, जो एससी/एसटी/ईडब्ल्यूएस के लिए 500 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीएच उम्मीदवार और महिलाओं को आवेदन शुल्क में छूट दी गई है।

कैंडिडेट्स ध्यान दें कि यह भर्ती एक वर्ष की अवधि के लिए होगी, जिसे उम्मीदवारों के वार्षिक मूल्यांकन और संतोषजनक कार्य-निष्पादन के आधार पर एक-एक वर्ष करके अधिकतम तीन वर्षों तक बढ़ाया जा सकता है।