दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दौर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में शनिवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने उद्गुंवा और बरगाय में संयुक्त जनसभाओं को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में जबरदस्त माहौल बनाया। दोनों दिग्गज नेताओं के भाषणों का मुख्य केंद्र बिंदु दतिया का विकास, किसान हितैषी योजनाएं, कांग्रेस पर तीखे हमले और स्थानीय जनभावनाओं को साधना रहा।


कांग्रेस ने 55 सालों में दतिया को कुछ नहीं दिया: डॉ. नरोत्तम मिश्रा

जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस अपने 55 वर्षों के शासनकाल में दतिया को मेडिकल कॉलेज, वेटरनरी कॉलेज, पॉलीटेक्निक या फिशरीज कॉलेज जैसे बड़े और बुनियादी विकास कार्य देने में पूरी तरह नाकाम रही।

उन्होंने कहा कि यह भाजपा सरकार ही है जिसने दतिया को नल-जल योजना, मेडिकल कॉलेज और भव्य एयरपोर्ट जैसी अभूतपूर्व सौगातें दी हैं। कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह पर निशाना साधते हुए उन्होंने उन्हें "राजा का बेटा" करार दिया और कहा कि वे गरीब और किसान की पीड़ा कभी नहीं समझ सकते, जबकि भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी एक साधारण किसान परिवार से निकलकर पिछले 25 वर्षों से निष्ठापूर्वक संगठन की सेवा करने वाले ज़मीनी कार्यकर्ता हैं।


भाजपा हर वर्ग के लिए प्रतिबद्ध: सीएम डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कांग्रेस के शासनकाल को बिजली, सड़क और सिंचाई के अभाव वाला काला दौर करार दिया। उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए गेहूं के समर्थन मूल्य, किसान सम्मान निधि, मुफ्त राशन, उज्ज्वला योजना और लाड़ली बहना योजना का प्रमुखता से उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि हर महीने लाड़ली बहनों के खातों में सम्मान राशि पहुंच रही है और आगे भी यह क्रम निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गरीब, किसान, महिला और युवा— चारों वर्गों के समग्र कल्याण के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।


1 और 1 11 होते हैं, मेरे आने से अब हम 111 हो गए

जनसभा के दौरान एक बेहद दिलचस्प और आक्रामक राजनीतिक दृश्य तब देखने को मिला जब मुख्यमंत्री ने मंच पर मौजूद डॉ. नरोत्तम मिश्रा और प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के हाथ उठवाकर उन्हें एक साथ खड़ा किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनता से कहा, "ये दोनों ही दतिया के प्रत्याशी हैं। एक और एक मिलकर 11 होते हैं, लेकिन अब मैं भी इनके साथ खड़ा हूँ, इसलिए हम 111 हो गए हैं।" इसके साथ ही उन्होंने दतिया के मतदाताओं से 'कमल' के निशान पर बटन दबाकर भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाने की भावुक अपील की।


भाजपा ने दिया एकजुटता का संदेश, साधे लाभार्थी वर्ग

इन संयुक्त जनसभाओं के जरिए भाजपा ने दतिया के चुनावी विमर्श को पूरी तरह "विकास बनाम वंशवाद" और "कार्यकर्ता बनाम राजघराना" की दिशा में मोड़ दिया है। एक तरफ जहां डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने स्थानीय विकास कार्यों और अपने कार्यकाल की उपलब्धियों को चुनावी आधार बनाया, वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को सामने रखकर बड़े लाभार्थी वर्ग को साधने का प्रयास किया। मंच पर नरोत्तम मिश्रा और आशुतोष तिवारी की एक साथ मौजूदगी ने यह भी स्पष्ट संदेश दिया कि पूरी भाजपा एकजुट होकर यह चुनाव लड़ रही है।