छतरपुर, विनोद मिश्रा। खजुराहो थाना क्षेत्र की टिकरी पंचायत अंतर्गत ग्राम गडरपुरा में पारिवारिक जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि भैंस लेकर जा रहे 55 वर्षीय रामकृपाल पाल पर उनके ही परिजनों ने लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी और हंसिया से हमला कर दिया। हमले में रामकृपाल गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके हाथ-पैर में फ्रैक्चर बताया जा रहा है। वहीं उनके 20 वर्षीय पुत्र देवेंद्र पाल को मामूली चोटें आई हैं।


घायल रामकृपाल पाल के मुताबिक वह सुबह भैंस लेकर जा रहे थे। इसी दौरान उनके छोटे भाई किशुन पाल ने कथित तौर पर मोटरसाइकिल से उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गए। आरोप है कि इसके बाद किशुन पाल सहित अन्य परिजनों ने उन पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में रामकृपाल के हाथ-पैर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।


पीड़ित का कहना है कि विवाद की जड़ पैतृक जमीन है। उनका आरोप है कि पिता रामाधीन पाल ने पूरी जमीन छोटे बेटे किशुन पाल के नाम कर दी है, जिसको लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। रामकृपाल का आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते उन पर हमला किया गया।


घायल रामकृपाल पाल ने पुलिस से मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही उन्होंने पैतृक संपत्ति का सभी भाइयों के बीच बराबर बंटवारा किए जाने की बात कही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।