टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। रविवार रात कलेक्ट्रेट रोड स्थित उत्सव भवन विवाह घर के पास एक दर्दनाक हादसे में एक अज्ञात व्यक्ति की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना न केवल एक दुर्घटना है, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को भी उजागर करती है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक ने अपनी साइकिल बिजली के खंभे से टिकाकर रखी थी। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई, जिससे खंभे के आसपास पानी भर गया। जब व्यक्ति अपनी साइकिल लेने लौटा और उसे हटाने का प्रयास किया, तो वह करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस और विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल भिजवाया गया। विद्युत विभाग के अनुसार विवाह समारोह के लिए ठेकेदार द्वारा खंभे से अस्थायी बिजली कनेक्शन लिया गया था, जो तेज हवा में टकराकर करंट फैलने का कारण बना।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि ऐसे आयोजनों में सुरक्षा मानकों का पालन क्यों नहीं किया गया। नगर में अस्थायी बिजली कनेक्शनों की निगरानी का अभाव साफ दिखाई देता है। बारिश और तेज हवा के बावजूद न तो समय पर निरीक्षण किया गया और न ही कोई एहतियाती कदम उठाए गए।

