रावलपिंडी। पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया टेस्ट सीरीज का पहला मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ। इस मुकाबले में डेब्यूटेंट साकिब खान ने पारी में 7 विकेट चटकाने के साथ 'प्लेयर ऑफ द मैच' खिताब जीता। अब सीरीज का दूसरा और अंतिम मुकाबला निर्णायक बन गया है, जो 17 नवंबर से इसी मैदान पर खेला जाएगा।इसी के साथ साकिब खान डेब्यू मैच में 'प्लेयर ऑफ द मैच' खिताब जीतने वाले पाकिस्तान के सातवें खिलाड़ी बन गए। उनसे पहले यह कारनामा मोहम्मद जाहिद, अजहर महमूद, मोहम्मद सामी, यासिर हमीद, फवाद आलम और आबिद अली ने किया था।

रावलपिंडी में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी पाकिस्तानी टीम ने अपनी पहली पारी 434/9 के स्कोर पर घोषित की। अजान ओवैस ने तैय्यब आरिफ के साथ पहले विकेट के लिए 86 रन की साझेदारी की। ओवैस 30 रन बनाकर आउट हुए, जिसके कुछ देर बाद तैय्यब (57) भी पवेलियन लौट गए।

पाकिस्तान ने 90 के स्कोर तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद मोहम्मद ताहा (51) ने कप्तान बाबर आजम (50) के साथ 69 रन, जबकि सऊद शकील (93) के साथ चौथे विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी करते हुए टीम को दोहरे शतक के पार पहुंचा दिया। इसके बाद सऊद ने गाजी गोरी (48) के साथ छठे विकेट के लिए 96 रन जुटाए।

श्रीलंकाई खेमे से असिथा फर्नांडो और दिलशान मधुशंका ने 3-3 विकेट हासिल किए, जबकि लाहिरू कुमारा, मिलन प्रियानाथ रत्नायके और सोनल दिनुशा ने 1-1 विकेट चटकाया।

इसके जवाब में श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 446 रन बनाकर 12 रनों की मामूली बढ़त हासिल कर ली। कामिंदु मेंडिस (58) ने लाहिरू उदारा (42) के साथ तीसरे विकेट के लिए 53 रन और धनंजय डी सिल्वा के साथ चौथे विकेट के लिए 90 रन जोड़कर टीम को 155 के स्कोर तक पहुंचाया।

यहां से कप्तान कुसल मेंडिस ने पांचवें विकेट के लिए धनंजय डी सिल्वा के साथ 249 रन जोड़कर टीम को 400 के पार पहुंचा दिया। धनंजय 20 चौकों के साथ 167 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि कुसल मेंडिस ने 10 चौकों और 4 छक्कों के साथ 119 रन की पारी खेली। पाकिस्तानी खेमे से साकिब खान ने 130 रन देकर 7 विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद अब्बास ने 2 विकेट निकाले। इनके अलावा, एक विकेट रजाउल्लाह ने अपने नाम किया।

पाकिस्तानी टीम ने अंतिम दिन की समाप्ति तक अपनी दूसरी पारी में 84.5 ओवरों का सामना किया, जिसमें 8 विकेट गंवाकर 284 रन बनाए। इस पारी में पाकिस्तान ने 57 के स्कोर तक 3 विकेट खो दिए थे।

यहां से सऊद शकील (97) ने बाबर आजम (34) के साथ चौथे विकेट के लिए 50 रन, जबकि गाजी गोरी (35) के साथ छठे विकेट के लिए 92 रन की साझेदारी करते हुए अंतिम दिन तक टीम को ऑलआउट होने से बचाया। इस पारी में श्रीलंकाई खेमे से मिलन प्रियानाथ रत्नायके ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि लाहिरू कुमारा और असिथा फर्नांडो ने 2-2 विकेट अपने नाम किया।