खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले अंतर्गत पिपलोद थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात करीब 12 बजे एक अत्यंत भीषण सड़क हादसा हो गया। ग्राम लछोरा के समीप तेज रफ्तार बोलेरो और स्विफ्ट डिजायर कार के बीच हुई आमने-सामने की जबरदस्त भिड़ंत में दोनों वाहनों के चालकों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान बुरहानपुर जिले के खकनार निवासी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अजय महाजन और खंडवा के ग्राम रामपुरा निवासी 40 वर्षीय श्रवण के रूप में हुई है। इस दुर्घटना में दोनों वाहनों में सवार चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद मौके पर एंबुलेंस को वापस लौटाने के आरोप और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव के अस्पताल न पहुंचने को लेकर सियासी व स्थानीय स्तर पर विवाद भी गहरा गया है।
पूर्व सांसद अरुण यादव के दिवाली मिलन समारोह से लौट रहे थे अजय महाजन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खकनार के कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अजय महाजन गुरुवार को अपने भांजे अक्षय चौधरी और एक अन्य साथी के साथ पूर्व सांसद एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव द्वारा आयोजित दिवाली मिलन समारोह में शामिल होने आए थे। देर रात कार्यक्रम संपन्न होने के बाद अजय महाजन स्वयं स्विफ्ट डिजायर कार ड्राइव करते हुए अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पिपलोद थाना क्षेत्र के लछोरा गांव के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बोलेरो से उनकी कार की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और कार की अगली सीट से लेकर बोनट तक खून फैल गया।
ये भी पढ़ें




दिवाली पर ही खरीदी थी सेकंड हैंड बोलेरो, दोस्त को छोड़कर लौट रहा था श्रवण
दूसरी ओर, बोलेरो चला रहे मृतक श्रवण के परिजनों ने बताया कि उसने इसी दीपावली के पर्व पर सेकंड हैंड बोलेरो वाहन खरीदा था। गुरुवार रात वह अपने एक मित्र को छोड़ने के लिए सिंगोट गया हुआ था और वहां से वापस अपने गांव रामपुरा लौटते समय यह काल रूपी हादसा हो गया। इस दुर्घटना में स्विफ्ट कार में सवार अजय के भांजे अक्षय को मामूली चोटें आई हैं, जबकि कार में बैठे एक अन्य व्यक्ति को गंभीर चोटें लगी हैं। वहीं, बोलेरो में श्रवण के साथ सवार उसके दो साथी प्रमोद और सुनील भी घायल हुए हैं, जिनमें से प्रमोद के सिर में गहरी चोट लगने के कारण करीब 20 टांके आए हैं।
कार में फंसे रहे घायल, बोलेरो सवार लोगों पर एंबुलेंस वापस लौटाने और लाठियां निकालने का आरोप
हादसे के बाद घटनास्थल पर एक गंभीर विवाद भी सामने आया है। घायल अक्षय चौधरी ने आरोप लगाया कि टक्कर के बाद कार के भीतर फंसे लोग गंभीर रूप से घायल अवस्था में तड़प रहे थे। मदद के लिए तत्काल एंबुलेंस को बुलाया गया था, लेकिन जैसे ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची, बोलेरो सवार कुछ लोगों ने विवाद करते हुए उसे जबरन वापस लौटा दिया। आरोप है कि इस दौरान उन लोगों ने मारपीट करने की नीयत से लाठियां भी निकाल ली थीं। हंगामे और हादसे की सूचना मिलते ही पिपलोद थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित कर सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। उल्लेखनीय है कि दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो पर 'मध्यप्रदेश शासन' लिखा हुआ था। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर दुर्घटना के कारणों और एंबुलेंस को लौटाने संबंधी आरोपों की सूक्ष्मता से जांच शुरू कर दी है।
पोस्टमॉर्टम के दौरान अस्पताल नहीं पहुंचे अरुण यादव, समर्थकों और कांग्रेसियों में दिखी नाराजगी
शुक्रवार सुबह जिला अस्पताल स्थित पोस्टमॉर्टम कक्ष में दोनों मृतकों के शवों के परीक्षण की प्रक्रिया शुरू की गई। हादसे की खबर मिलते ही दिवंगत अजय महाजन की पत्नी और परिजन बिलखते हुए अस्पताल पहुंचे, वहीं बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता भी वहां एकत्रित हो गए। इस दौरान पोस्टमॉर्टम रूम के बाहर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव के अस्पताल न पहुंचने को लेकर तीखी चर्चा चलती रही। कार्यकर्ताओं में इस बात को लेकर भारी नाराजगी देखी गई कि जिस दिवाली मिलन समारोह में शामिल होने के लिए अजय महाजन आए थे, उसका आयोजन स्वयं अरुण यादव ने किया था और घटना के समय वे खंडवा में ही मौजूद थे। इसके बावजूद सूचना मिलने पर वे पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने जिला अस्पताल नहीं पहुंचे और सीधे खरगोन के लिए रवाना हो गए। वहीं, खंडवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष उत्तमपाल सिंह पुरनी देर रात भोपाल से लौटकर सीधे अस्पताल पहुंचे और आवश्यक व्यवस्थाएं संभालते हुए शव को मर्च्युरी में शिफ्ट कराया।













