छतरपुर। शहर में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब व्यस्ततम और प्रमुख धार्मिक स्थल के सामने स्थित दुकानें भी सुरक्षित नहीं हैं। बीती रात अज्ञात चोरों ने मोटे के महावीर मंदिर के ठीक सामने स्थित 'श्रीराम ज्वेलर्स' (दुकान नंबर 66) को अपना निशाना बनाया। रिवई निवासी सुनील सोनी की इस ज्वेलरी शॉप में देर रात करीब 3 बजे के बाद चोरों ने धावा बोला और दुकान का शटर तोड़कर भीतर प्रवेश किया। चोरों ने बड़ी सफाई से दुकान में रखे आभूषणों व कीमती सामान पर हाथ साफ किया और मौके से फरार हो गए। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही व्यापारियों में हड़कंप मच गया। सूचना प्राप्त होते ही सिविल लाइन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए संदिग्धों की पहचान और मामले की गहन जांच में जुट गई है।