पन्ना। पन्ना जिले के देवेंद्रनगर में अजयगढ़ राजघराने की रानी गायत्री देवी के 98 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उनका जन्मदिन समारोह पारंपरिक व राजसी अंदाज में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। देवेंद्रनगर स्थित बारादारी कोठी बमरी में आयोजित इस विशेष समारोह में राजपरिवार के सदस्यों सहित स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जैसे ही क्षेत्रवासियों को रानी साहिबा के 98वें जन्मदिन की सूचना मिली, बड़ी संख्या में लोग बारादारी कोठी पहुंचे और उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर जन्मदिन की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं।
सामाजिक सरोकार की पहल: 70 वर्ष से अधिक के बुजुर्गों व जरूरतमंदों का हुआ सम्मान
इस गौरवशाली अवसर को यादगार और जनोपयोगी बनाने के लिए राजपरिवार के कुंवर जयंत सिंह (पिंकी राजा) द्वारा सामाजिक सरोकार की सराहनीय पहल की गई। उन्होंने बढ़ती ठंड को देखते हुए देवेंद्रनगर के वार्ड क्रमांक 13 एवं 14 के 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ बुजुर्गों तथा निराश्रित व विधवा महिलाओं को सम्मानपूर्वक कंबल वितरित किए। राजपरिवार की इस संवेदनशील पहल की स्थानीय नागरिकों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
ये भी पढ़ें




दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना के साथ गूंजे मंगल गीत
समारोह के दौरान कोठी परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। उपस्थित गणमान्य नागरिकों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने रानी गायत्री देवी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की ईश्वर से प्रार्थना की। पारंपरिक रीति-रिवाजों और आत्मीयता के बीच संपन्न हुए इस आयोजन में समूचे क्षेत्र का राजपरिवार के प्रति गहरा स्नेह और सम्मान स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ।













