बालाघाट, रीतेश सोनी। वारासिवनी-खैरलांजी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम दीनी, सिंगोड़ी, गर्रा, रामपायली, खरखड़ी, सिवनघाट और सेलोटपार में विगत रात्रि आयोजित दीपावली मिलन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं पूर्व विधायक प्रदीप 'गुड्डा' जायसवाल मुख्य रूप से शामिल हुए। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री प्रबल जायसवाल भी उपस्थित रहे। सभी ग्रामों में पहुंचने पर स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने आत्मीयता के साथ उनका भव्य स्वागत किया। प्रदीप जायसवाल ने समस्त क्षेत्रवासियों को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीराम और माता लक्ष्मी से प्रत्येक परिवार में सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की प्रार्थना की।
मंडई मेले ग्रामीण संस्कृति और सामाजिक एकता के जीवंत प्रतीक
कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए प्रदीप जायसवाल ने ग्रामीण अंचलों में आयोजित होने वाले पारंपरिक मंडई मेलों के सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मंडई मेले हमारी लोक-परंपरा, समृद्ध संस्कृति और सामाजिक समरसता के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन ग्रामीणों को अपनी रोजमर्रा की व्यस्तताओं से समय निकालकर आपस में मिलने-जुलने, भाईचारा बढ़ाने और नई ऊर्जा व उमंग के साथ जीवन में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
छह बड़े पुलों के निर्माण का जिक्र कर बोले- केवल भूमि पूजन से नहीं होता विकास
क्षेत्रीय विकास के मुद्दे पर वर्तमान जनप्रतिनिधियों को आड़े हाथों लेते हुए प्रदीप जायसवाल ने कहा कि जनता अब सब कुछ भली-भांति जान चुकी है। उनके कार्यकाल में स्वीकृत और पूर्ण कराए गए विकास कार्यों का दोबारा भूमि पूजन कर ठप्पा लगाने से विकास नहीं होता। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में क्षेत्र को छह बड़े पुलों की ऐतिहासिक सौगात मिली, जिनका निर्माण पूरा होकर जनता को लाभ मिल रहा है और ये पुल दूसरे राज्य से संपर्क जोड़ने के साथ ग्रामीण अंचलों की दूरी कम कर रहे हैं। उन्होंने नसीहत दी कि मंचों से बड़ी-बड़ी घोषणाएं कर जनता को गुमराह करने के बजाय जनप्रतिनिधियों को अपने कार्यकाल में कराए गए धरातल के काम जनता के सामने प्रस्तुत करने चाहिए।
ये भी पढ़ें




'तीन वर्ष पूर्व हुए राजनीतिक एक्सीडेंट का खामियाजा आज भी भुगत रही जनता'
अपने उद्बोधन के दौरान तीन वर्ष पूर्व हुए राजनीतिक घटनाक्रम पर कटाक्ष करते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि तीन वर्ष पहले क्षेत्र में जो 'राजनीतिक एक्सीडेंट' हुआ था, उसका खामियाजा आज भी वारासिवनी-खैरलांजी विधानसभा क्षेत्र की जनता भुगत रही है। उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम के कारण क्षेत्र के विकास की रफ्तार बुरी तरह प्रभावित हुई है, जिसका असर आज ग्रामीण अंचलों में साफ दिखाई दे रहा है। क्षेत्र की जनता अब खोखले आश्वासन नहीं, बल्कि प्राथमिकता के आधार पर ठोस विकास चाहती है।
साकड़ी सड़क और 'जी श्रीराम जी' योजना पर भी घेरा
ग्राम साकड़ी में सड़क निर्माण में हो रही देरी का मुद्दा उठाते हुए प्रदीप जायसवाल ने कहा कि लोक निर्माण विभाग के वार्षिक मरम्मत कार्य के तहत स्वीकृत इस सड़क का दो बार भूमि पूजन होने के बावजूद निर्माण में अनावश्यक देरी हुई, जिससे आमजन को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। इसके साथ ही उन्होंने 'जी श्रीराम जी' योजना का उल्लेख करते हुए स्पष्ट किया कि इस योजना के तहत स्वीकृत कार्यों की राशि सीधे ग्राम पंचायतों के खातों में पहुंचेगी और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की कोई भूमिका नहीं है। कुछ लोग इन कार्यों का झूठा श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि उन्हें अपने स्तर पर नए विकास कार्य कराकर दिखाने चाहिए। वहीं, लाड़ली बहना योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बहनों को मिलने वाली 1500 रुपये की सम्मान राशि कुछ लोगों को खटक रही है, जबकि यह महिलाओं के स्वावलंबन और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में एक मील का पत्थर है।
अन्य वक्ताओं ने भी रखे विचार, बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
ग्राम सिंगोड़ी में भाजपा जिला उपाध्यक्ष किशोर अमूले ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्राथमिकताएं गिनाते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई। ग्राम दीनी के सरपंच कोमलचंद लिल्लारे ने प्रदीप जायसवाल के कार्यकाल में गांव को मिली विकास सौगातों के प्रति आभार जताया, जबकि मंच संचालन कर रहे यीश्वरी दामनकार ने प्रदीप जायसवाल के साथ अपने पुराने और अटूट संबंधों का उल्लेख किया। ग्राम गर्रा-रामपायली में भाजयुमो जिला महामंत्री प्रबल जायसवाल ने सभी ग्रामवासियों के उज्ज्वल भविष्य और मंगलमय जीवन की कामना करते हुए दीपावली की बधाई दी।
इन सभी सांस्कृतिक आयोजनों में श्रीमती मधु ऋषि शुक्ला, किशोर अमूले, कोमलचंद लिल्लारे, यीश्वरी दामनकार, सुरेंद्र रहांगडाले, रूपेंद्र सोनवाने, चित्रसेन बिसेन, सुरेश पटले, देवनाथ बोपचे, रोशनलाल मरठे, लोकेश कावरे, सोनू राजपांडे, अनिल सहारे, मुकेश राजपांडे, प्रकाश लिल्हारे, पंकज लांजेवार, अर्पित भगत, राज बघेले, राजू कावड़े, उपेंद्र रहांगडाले, नरेंद्र गोयल, ज्योतिष लिल्हारे, युवराज बिसेन, सुंदरलाल रहांगडाले, मानसिंह बिसेन, रेखलाल चौधरी, राजेंद्र पटले, गन्नालाल चौधरी, कृष्ण कुमार भगत, टेकचंद चौधरी, धर्मेंद्र शेंडे, नरेंद्र रहांगडाले, सुरेंद्र भगत, हेमराज तुरकर, बानेश्वर मोहतूरे, श्रीमती दीपिका पांडे, श्रीमती कमला भलावी, श्रीमती दयावंती वट्टी, परमानंद तेलासे, सुरेंद्र गोंडाने, मुन्नालाल रिनायत सहित बड़ी संख्या में सरपंच, जनपद सदस्य, महिलाएं, बच्चे और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।













