टीकमगढ़, सोनू विश्वकर्मा। जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र के दरगुवां गांव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी के करीब चार महीने बाद एक नवविवाहिता घर में रखे पचास हजार रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवरात लेकर अचानक गायब हो गई। पीड़ित परिजनों ने थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

बगाज माता मंदिर में लिए थे सात फेरे दरगुवां निवासी बलराम लोधी की शादी इसी साल 24 जून को प्रसिद्ध बगाज माता मंदिर में छत्तीसगढ़ की रहने वाली सोनिया भोरिया के साथ हुई थी। पीड़ित परिवार के अनुसार, यह रिश्ता रजिया बेगम (निवासी गढ़ाकोटा) के माध्यम से तय हुआ था, जो सोनिया के पिता शिवकुमार भोरिया (निवासी ग्राम कनकपुर रमुनपुरा, जिला बलरामपुर, छत्तीसगढ़) से जुड़ा हुआ था। परिजनों का आरोप है कि रिश्ता तय कराने और शादी के एवज में लड़की के पिता को डेढ़ लाख रुपए दिए गए थे और विवाह का पूरा खर्च भी उन्होंने ही उठाया था।

सुबह उठने पर गायब मिली दुल्हन घटना बुधवार की है। बलराम रतनगढ़ माता मंदिर दर्शन के लिए गया था और उसके पिता चंदू लोधी खेत पर गए हुए थे। घर पर केवल नवविवाहिता सोनिया और उसकी सास पार्वती मौजूद थीं। सास पार्वती के मुताबिक, रात में सोनिया तखत पर सो रही थी और वह खुद नीचे सोई थीं। सुबह जब उन्होंने सोनिया को चाय के लिए उठाने की कोशिश की, तो वह बिस्तर पर नहीं मिली।


नकदी और गहने लेकर हुई रफूचक्कर बहू के घर में न मिलने पर जब परिजनों ने तलाशी ली, तो होश उड़ गए। घर में संदूक में रखे करीब 50 हजार रुपए नकद के अलावा चांदी की पायल, करधौना, चूड़ियां, मंगलसूत्र और झुमकी जैसे कीमती जेवरात भी गायब मिले। इससे साफ हो गया कि नवविवाहिता सोनिया सोची-समझी साजिश के तहत नकदी और गहने समेटकर फरार हो गई है।

पुलिस कर रही है मामले की जांच बड़ागांव थाना प्रभारी कमल सिंह ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि दरगुवां निवासी चंदू लोधी द्वारा अपनी बहू के लापता होने और घर से नकदी-जेवरात ले जाने की शिकायत मिली है। पुलिस ने आवेदन लेकर मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।