इंदौर, रविकांत वर्मा। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के राऊ थाना क्षेत्र स्थित साईं विहार कॉलोनी में दंपती की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस जांच में रिश्तों के बिखराव और अवैध प्रेम संबंधों की एक बेहद उलझी हुई व दर्दनाक कहानी सामने आई है। पुलिस की तफ्तीश में स्पष्ट हुआ है कि 18 साल पहले प्रेम विवाह कर घर बसाने वाले पवन सोनी ने अपनी पत्नी वर्षा के किसी अन्य युवक के साथ प्रेम संबंधों और परिवार टूटने के भय से आहत होकर पहले पत्नी की बेरहमी से हत्या की और फिर स्वयं भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले में पुलिस ने वर्षा के प्रेमी फैजान खान को आत्महत्या के लिए उकसाने सहित अन्य गंभीर धाराओं में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
रेस्टोरेंट के सेटअप के दौरान हुई थी मुलाकात, दोस्ती बदल गई प्रेम संबंध में
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पवन सोनी और वर्षा ने 18 वर्ष पूर्व लव मैरिज की थी और दोनों ने साथ मिलकर अपना परिवार बसाया था। हालांकि, बीते कुछ समय से दोनों के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर अनबन शुरू हो गई थी और हालात यहां तक पहुंच गए थे कि दोनों के बीच बातचीत भी लगभग बंद हो गई थी। इसी दौरान दंपती ने अपना नया रेस्टोरेंट शुरू किया था, जिसका सेटअप तैयार करने के लिए फैजान खान नाम का युवक वहां आया था। काम के सिलसिले में वर्षा और फैजान की जान-पहचान हुई, जो धीरे-धीरे मुलाकातों और फिर गहरे प्रेम संबंध में बदल गई। पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि वर्षा फैजान के बेहद करीब आ गई थी और वह अपने पति व बच्चों से अलग होने की बात भी करने लगी थी।
ये भी पढ़ें




मोबाइल में रिकॉर्ड की थी बातचीत, घर-संपत्ति और बच्चों के भविष्य को लेकर था तनाव
दूसरी तरफ, पति पवन सोनी को पत्नी वर्षा और फैजान के संबंधों की भनक लग गई थी। पवन ने दोनों की बातचीत से जुड़ी कई महत्वपूर्ण ऑडियो रिकॉर्डिंग अपने मोबाइल फोन में सुरक्षित कर रखी थीं, जिन्हें अब पुलिस ने साक्ष्य के तौर पर जांच में शामिल किया है। जांच अधिकारियों के मुताबिक, पवन को इस बात की गहरी आशंका सता रही थी कि पत्नी के इस संबंध के चलते उसका पूरा परिवार बिखर जाएगा और घर-संपत्ति के साथ-साथ बच्चों का भविष्य भी दांव पर लग जाएगा। इसी मानसिक तनाव और पारिवारिक कलह के चलते घर का माहौल लगातार बिगड़ता जा रहा था।
बच्चों को गार्डन भेजकर दिया खौफनाक वारदात को अंजाम, डेढ़ घंटे बाद खुला राज
इसी गहरे तनाव के बीच रविवार को पवन ने सोची-समझी योजना के तहत अपने बेटे और बेटी को खेलने के लिए पास के गार्डन में भेज दिया। बच्चों के घर से बाहर जाते ही पवन ने कमरे में पत्नी वर्षा का पहले जंजीर से गला घोंटा और फिर उसके गले में चाकू घोंपकर उसकी नृशंस हत्या कर दी। पत्नी की हत्या करने के बाद पवन ने स्वयं भी फांसी के फंदे पर झूलकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। करीब डेढ़ घंटे बाद जब दोनों बच्चे खेलकर घर लौटे, तो भीतर का भयावह मंजर देखकर चीख पड़े, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
आरोपी फैजान खान गिरफ्तार, पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। एसीपी निधि सक्सेना ने बताया कि पूरे घटनाक्रम में फैजान खान की भूमिका संदिग्ध और उत्प्रेरक पाई गई, जिसके आधार पर उसके खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने सहित अन्य सुसंगत धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी फैजान के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस जब्त मोबाइल रिकॉर्डिंग, कॉल डिटेल और पूरे घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की सूक्ष्मता से जांच कर रही है।













