इंदौर, रविकांत वर्मा। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में साइबर अपराधियों और उनकी वित्तीय रीढ़ माने जाने वाले 'म्यूल अकाउंट' (किराए के बैंक खातों) के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा और कस दिया है। इंदौर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन मैट्रिक्स 2' के तहत एरोड्रम थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच ऐसे आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए महज 20-20 हजार रुपये के लालच में अपने बैंक खाते साइबर ठगों को बेच रहे थे। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि इन बैंक खातों के माध्यम से साइबर ठगी के लाखों रुपयों का अवैध लेन-देन किया गया है।

देश के विभिन्न राज्यों में दर्ज 10 से अधिक साइबर शिकायतों से जुड़े हैं खातों के तार

पुलिस की तकनीकी जांच में सामने आया है कि पकड़े गए आरोपियों द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंक खातों का उपयोग देश भर में सक्रिय साइबर ठग गिरोहों द्वारा ठगी की रकम को इधर-उधर करने (लेयरिंग) के लिए किया जा रहा था। इन संदिग्ध खातों के विरुद्ध देश के अलग-अलग राज्यों में साइबर अपराध से जुड़ी 10 से अधिक शिकायतें दर्ज पाई गई हैं। महज कुछ हजार रुपयों के कमीशन के बदले ये आरोपी शातिर ठगों को सुरक्षित बैंकिंग चैनल मुहैया करा रहे थे।


सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में खुलवाए थे खाते, एक महीने में 62वीं एफआईआर

एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि इंदौर पुलिस द्वारा पिछले एक महीने के भीतर म्यूल अकाउंट्स के खिलाफ दर्ज की गई यह 62वीं एफआईआर है। जांच में स्पष्ट हुआ है कि आरोपियों ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में अपने नाम से बैंक खाते खुलवाए थे और खाते खुलते ही उनकी पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और रजिस्टर्ड सिम कार्ड सहित सभी गोपनीय दस्तावेज साइबर अपराधियों के सुपुर्द कर दिए थे।

बाणगंगा और एरोड्रम क्षेत्र के निवासी हैं आरोपी, पूरे सिंडिकेट की तलाश जारी

गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपी इंदौर के बाणगंगा और एरोड्रम थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। एरोड्रम पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों से सघन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्होंने बैंक खातों की किट किन मास्टरमाइंड्स या एजेंटों को सौंपी थी। पुलिस को अंदेशा है कि पूछताछ के दौरान अंतरराज्यीय साइबर ठगी से जुड़े एक बड़े संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश हो सकता है।