पन्ना, अमित सिंह राठौर। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय पन्ना में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास त्याग, बलिदान और राष्ट्रभक्ति से परिपूर्ण है। भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष कर देश की आजादी और समाज की अस्मिता के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनके इसी ऐतिहासिक योगदान को सम्मान देने के लिए केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 से 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की है।
11 से 20 नवंबर तक चलेगा व्यापक सामाजिक अभियान
इस वर्ष जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 11 नवंबर से 20 नवंबर तक विभिन्न रचनात्मक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य युवाओं को जनजातीय महापुरुषों के संघर्ष, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका से परिचित कराना है। देश के प्रत्येक जिले में भव्य सांस्कृतिक शोभायात्राएं निकाली जाएंगी और जनजातीय लोककला, नृत्य व परंपराओं का प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रमुख तिथियों पर होने वाले विशेष कार्यक्रम
आयोजनों की श्रृंखला के तहत 12 और 13 नवंबर को अनुसूचित जनजाति मोर्चा द्वारा संगठनात्मक तैयारी बैठकें संपन्न होंगी। आगामी 14 नवंबर को प्रदेशभर के विधानसभा क्षेत्रों में महानायकों की प्रतिमाओं और देवस्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाकर दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों की सहभागिता प्रस्तावित है। इसके बाद 16 व 17 नवंबर को छात्रावासों में संपर्क अभियान और 18 से 20 नवंबर के बीच जनजातीय अंचलों में गौरव चौपालों का आयोजन किया जाएगा।
महानायकों को समर्पित होंगे शहर के प्रमुख स्थल
ये भी पढ़ें




जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत देश के विभिन्न शहरों में प्रमुख मार्गों, पार्कों, सर्किलों और भवनों का नामकरण जनजातीय महानायकों के नाम पर करने की योजना है। इसके साथ ही पन्ना सहित सभी जिलों में प्रमुख पार्कों में जनजातीय नायक-नायिकाओं की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी, ताकि आने वाली पीढ़ियां इन महान व्यक्तित्वों के जीवन से प्रेरणा प्राप्त कर सकें।
सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने का राष्ट्रीय अभियान
भाजपा जिला अध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल एक आयोजन भर नहीं है, बल्कि यह जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान और उनकी समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को और अधिक मजबूत करने का एक राष्ट्रीय अभियान है। इस पूरे अभियान को सफल बनाने के लिए पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। पत्रकार वार्ता में पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और मोर्चा के कार्यकर्ता भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।













