कटनी, सुमित पाण्डेय: कटनी जिले के माधवनगर थाना क्षेत्र के बरगवां इलाके में स्थित एलआईसी के पास के किसना ज्वेलर्स में बीती रात चोरों ने शहर की सबसे बड़ी चोरी की वारदातों में से एक को अंजाम दिया है। अज्ञात चोरों ने सुनियोजित तरीके से शोरूम के पिछले हिस्से की दीवार में सेंध लगाई और अंदर घुसकर सोने-चांदी तथा डायमंड की बेशकीमती ज्वेलरी पर हाथ साफ कर दिया।

सुबह खुला राज जब कर्मचारी पहुंचे दुकान

यह सनसनीखेज मामला तब प्रकाश में आया जब आज सुबह रोजाना की तरह शोरूम के कर्मचारी दुकान खोलने पहुंचे। दुकान के भीतर का मंजर देखकर कर्मचारियों के पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने तुरंत शोरूम मालिक मोहन बजाज को घटना से अवगत कराया, जिसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई।

वरिष्ठ अधिकारियों ने किया घटनास्थल का मुआयना

घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. कमल मौर्य भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुकान के अंदर और पिछले हिस्से की गहनता से जांच की। चोरों की सुरागकशी के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।


दस करोड़ से अधिक की चोरी का अनुमान

त्योहारों के सीजन और दिवाली के चलते शोरूम में करोड़ों का स्टॉक रखा हुआ था। हालांकि अभी तक नुकसान का अंतिम आकलन सामने नहीं आया है, लेकिन शुरुआती अनुमान के अनुसार करीब 10 करोड़ रुपये से ज्यादा के जेवरात चोरी होने की बात कही जा रही है।

डॉग स्क्वाड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की ली जा रही मदद

वारदात को अंजाम देने के बाद चोर मौके पर अपने औजार भी छोड़ गए। पुलिस ने घटनास्थल से पाना, पिंचिस और पेंचकस बरामद किए हैं। मामले की तह तक जाने के लिए डॉग स्क्वाड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की मदद ली जा रही है ताकि आरोपियों तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके।