भोपाल। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने और श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए देशभर से राजनीतिक दिग्गजों और संतों के भोपाल पहुंचने का सिलसिला जारी है। गुरुवार को भोपाल के नर्मदापुरम रोड स्थित वृंदावन गार्डन में आयोजित त्रयोदशी एवं शांति भोज कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और संत समाज के प्रमुख लोगों ने शिरकत की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों ने दी श्रद्धांजलि
त्रयोदशी शांति भोज कार्यक्रम में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा और हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा विशेष रूप से भोपाल पहुंचे। उन्होंने शिवराज सिंह चौहान से भेंट कर शोक संवेदना व्यक्त की और उनकी माताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। करुणा धाम के पीठाधीश्वर सुदेश शांडिल्य ने कार्यक्रम में पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, प्रदेश के मंत्री तुलसी सिलावट, विधायक प्रभुराम चौधरी और गोपाल सिंह इंजीनियर सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
ये भी पढ़ें




राजनाथ सिंह, ओम बिरला समेत कई वरिष्ठ नेताओं के आने का कार्यक्रम
शांति भोज कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ नेता सुवेंदु अधिकारी तथा विभिन्न राज्यों के कृषि मंत्रियों के शामिल होने का कार्यक्रम तय है। देशभर से वीवीआईपी (VVIP) और वरिष्ठ नेताओं के आगमन को देखते हुए जिला व पुलिस प्रशासन ने वृंदावन गार्डन और आसपास के मार्गों पर सुरक्षा व यातायात के कड़े इंतजाम किए हैं।














