सागर, स्वाती सोलंकी। मध्य प्रदेश के सागर जिले में अपने प्रसिद्ध भजन 'मैंने तेरे भरोसे हनुमान' से घर-घर में पहचान बनाने वाले दिव्यांग भजन गायक सुनील लोधी के लिए इस बार की दीपावली बेहद खास और यादगार बन गई है। प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने दिवाली के पावन अवसर पर सुनील लोधी की वर्षों पुरानी इच्छा को पूरा करते हुए उन्हें एक नई पल्सर मोटरसाइकिल उपहार स्वरूप भेंट की है। मंत्री द्वारा स्थानीय कलाकार का मान बढ़ाने और उनकी ख्वाहिश पूरी करने की यह संवेदनशील पहल पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है।

दिवाली मिलन के दौरान पूछी थी ख्वाहिश, तत्काल पूरा किया सपना

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपावली के शुभ अवसर पर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने भजन गायक सुनील लोधी को विशेष रूप से मिलने के लिए आमंत्रित किया था। आत्मीय मुलाकात के दौरान मंत्री ने सुनील का हालचाल जाना और उनसे उनकी किसी खास इच्छा या जरूरत के बारे में पूछा। इस पर सुनील लोधी ने सहज भाव से अपनी एक बाइक खरीदने की दिली ख्वाहिश जाहिर की। सुनील की बात सुनते ही मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बिना किसी देरी के तत्काल उन्हें एक पल्सर बाइक भेंट करने का निर्णय लिया और मौके पर ही चाबी सौंपकर उनकी इच्छा पूरी कर दी।


'पल्सर की शौकीन दुनिया, मोरे पास तो साइकिल तक नैया' गाकर लूटी महफिल

अचानक मिली इस बड़ी सौगात से गदगद हुए भजन गायक सुनील लोधी ने अपनी खुशी को अपने ही अनूठे और पारंपरिक अंदाज में व्यक्त किया। उन्होंने तुरंत हारमोनियम व सुरों की तान छेड़ते हुए बुंदेली लोक अंदाज में गीत गाया— "पल्सर की शौकीन दुनिया, मोरे पास तो साइकिल तक नैया..."। सुनील के इस सहज, भावपूर्ण और सुरमयी गीत ने वहां मौजूद सभी लोगों का दिल जीत लिया और पूरे माहौल में उत्सव का समां बांध दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर हो रहा है आंखों का इलाज

इस अवसर पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि सुनील लोधी जैसे प्रतिभाशाली लोक और भजन गायक हमारी संस्कृति की धरोहर हैं। उन्होंने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की ओर से सुनील लोधी की आंखों का बेहतर उपचार भी करवाया जा रहा है। मंत्री ने अपनी शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी दिली इच्छा है कि सुनील की आंखें जल्द से जल्द पूरी तरह स्वस्थ हो जाएं, ताकि वे किसी पर निर्भर न रहें और स्वयं अपने हाथों से इस बाइक को चला सकें।

दीपावली के प्रकाश पर्व पर एक जनप्रतिनिधि द्वारा स्थानीय कलाकार की छोटी-सी लेकिन महत्वपूर्ण इच्छा को जिस आत्मीयता के साथ पूरा किया गया, उसकी क्षेत्रवासियों और कला प्रेमियों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है।