जबलपुर, अनुराग शुक्ला। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में संस्कारधानी जबलपुर ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में मिली इस सफलता ने राष्ट्रीय स्तर पर शहर का मान बढ़ाया है। जबलपुर ने स्वच्छता रैंकिंग में 22वें स्थान से सफर शुरू कर पहले 13वें, फिर पांचवें और अब देश में दूसरे पायदान पर कब्जा जमाया है।

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जबलपुर को यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया। इस मौके पर तत्कालीन निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार और वर्तमान निगमायुक्त अग्रिम कुमार मौजूद रहे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी शहर की इस बड़ी कामयाबी पर बधाई दी है।

साझा प्रयासों से बदली शहर की तस्वीर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने इस सम्मान को नागरिकों, सफाई मित्रों, नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयासों का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि पदभार ग्रहण करते ही जबलपुर को देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाने का संकल्प लिया गया था, जो आज साकार होता दिख रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दूसरा स्थान मंजिल नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है और अब अगला लक्ष्य देश में नंबर-वन बनना है।


नवाचार और वैज्ञानिक प्रबंधन बना सफलता का आधार शहर की रैंकिंग सुधारने में कचरे के वैज्ञानिक निष्पादन और वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट के सफल संचालन ने अहम भूमिका निभाई। नगर निगम ने पुराने कचरे के पहाड़ को साफ कर लगभग 17 एकड़ कीमती भूमि को मुक्त कराया। इसके अलावा थ्री-आर सेंटर, बुक बैंक, खिलौना बैंक और कपड़ा बैंक जैसे नवाचारों ने लोगों को स्वच्छता अभियान से जोड़ा। नियमित नाइट स्वीपिंग, सड़कों-नालियों की बेहतर सफाई, सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्ती और स्पॉट फाइन की कार्रवाई ने भी शहर की स्वच्छता व्यवस्था को नई मजबूती दी।