धार। राजनीति में संयोग और शुभ-अशुभ के समीकरण हमेशा चर्चा का विषय रहते हैं। मध्य प्रदेश के धार जिले के डही में आगामी 15 नवंबर को होने वाले जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान भी कुछ ऐसा ही वाकया देखने को मिला है। सभा के लिए डही के पुलिस ग्राउंड में पहले दक्षिण दिशा की ओर मंच बनाने की तैयारी चल रही थी, लेकिन केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर सहित स्थानीय भाजपा नेताओं की आपत्ति के बाद अब मंच की दिशा बदलकर उत्तर दिशा कर दी गई है।
2020 में कमलनाथ की सभा से जुड़ा संयोग; दक्षिण दिशा में मंच बनने के बाद गिरी थी सरकार
इस बदलाव को वर्ष 2020 में इसी मैदान पर हुई तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ की सभा से जोड़कर देखा जा रहा है। 26 फरवरी 2020 को कमलनाथ ने इसी पुलिस ग्राउंड से 'डही सिंचाई परियोजना' का भूमिपूजन किया था और उस समय मंच दक्षिण दिशा की ओर बनाया गया था। इस सभा के कुछ ही दिनों बाद 20 मार्च 2020 को प्रदेश में कांग्रेस की सरकार गिर गई थी। राजनीतिक गलियारों में इस संयोग की चर्चा के बीच केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर और भाजपा नेताओं ने दक्षिण दिशा में मंच बनाने पर आपत्ति जताई, जिसके बाद प्रशासन ने मंच का स्थान बदलकर उत्तर दिशा तय किया है। हालांकि, भाजपा ने आधिकारिक रूप से इसे किसी शुभ-अशुभ से जोड़ने से इनकार किया है।
पीएम मोदी वर्चुअली जुड़ेंगे; सीएम मोहन यादव देंगे 1,353 करोड़ की सिंचाई परियोजना की सौगात
धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती (राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस) के अवसर पर राज्य सरकार 14, 15 और 16 नवंबर को तीन दिवसीय समारोह मना रही है। राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में 14 नवंबर को जबलपुर, 15 को धार एवं जोबट (आलीराजपुर) तथा 16 नवंबर को खंडवा में राज्यस्तरीय आयोजन होंगे। धार में 15 नवंबर को होने वाले समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़कर प्रदेशवासियों से संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव धार में रोड शो कर ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का फीडबैक लेंगे और स्वामित्व योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को रजिस्ट्री सौंपेंगे। इसके साथ ही वे 1353.18 करोड़ रुपये की लागत वाली 'डही माइक्रो लिफ्ट इरीगेशन प्रोजेक्ट' का लोकार्पण कर धार और आलीराजपुर के किसानों को सिंचाई की बड़ी सौगात देंगे।
2018 में बनी थी कांग्रेस सरकार; 15 महीने बाद सियासी उलटफेर से गिरी थी सत्ता
गौरतलब है कि 2018 के विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ा दल बनकर उभरी कांग्रेस ने बसपा के समर्थन से 15 साल बाद सत्ता में वापसी की थी और कमलनाथ मुख्यमंत्री बने थे। लेकिन, मार्च 2020 में ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके समर्थक विधायकों के भाजपा में शामिल होने से महज 15 महीने में कांग्रेस सरकार गिर गई थी।















