इंदौर, रविकांत वर्मा। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र स्थित प्रतिष्ठित चोइथराम अस्पताल परिसर में उस समय अफरा-तफरी और हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई, जब एक झुलसे हुए मासूम बच्चे के उपचार के दौरान पारिवारिक विवाद ने हिंसक मारपीट का रूप ले लिया। इस मामले में राजेंद्र नगर पुलिस ने शहर कांग्रेस के प्रवक्ता लोकेश हार्डिया के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की संगीन धाराओं में एफआईआर (FIR) दर्ज की है।
नहाते समय गर्म पानी से झुलसा था बच्चा, देखभाल को लेकर शुरू हुई बहस
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुमित हार्डिया का बेटा आराध्य घर में नहाते समय अचानक गर्म पानी की चपेट में आकर झुलस गया था। घटना के तुरंत बाद सुमित अपनी पत्नी के साथ बच्चे को बेहतर उपचार के लिए चोइथराम अस्पताल लेकर पहुंचे थे। कुछ ही देर बाद सुमित के साले एवं शहर कांग्रेस प्रवक्ता लोकेश हार्डिया भी अस्पताल पहुंच गए। इसी दौरान सुमित के भाई अमित हार्डिया भी अस्पताल पहुंचे और उन्होंने बच्चे के झुलसने की घटना को लेकर बच्चे की मां से देखभाल में लापरवाही बरतने संबंधी सवाल-जवाब शुरू कर दिए।
ये भी पढ़ें




अस्पताल परिसर में ही छिड़ा विवाद, मारपीट और धमकी का आरोप
देखभाल को लेकर की जा रही इसी पूछताछ और टीका-टिप्पणी पर लोकेश हार्डिया भड़क गए और अमित व लोकेश के बीच तीखी कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि अस्पताल परिसर में ही हंगामा खड़ा हो गया। फरियादी अमित हार्डिया का आरोप है कि विवाद के दौरान लोकेश हार्डिया ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण, पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी हो रही जांच
घटना के बाद पीड़ित अमित हार्डिया ने राजेंद्र नगर थाने पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत दर्ज कराई। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने जानकारी देते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी लोकेश हार्डिया के विरुद्ध मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की सुसंगत धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की विवेचना के साथ-साथ आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी गहनता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।













