पर्थ। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज महली बियर्डमैन ने इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया है। शुक्रवार को पर्थ स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ मैच में अपने वनडे डेब्यू पर उन्होंने 6 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया।बियर्डमैन ने 7.4 ओवर में 24 रन देकर 6 विकेट लिए। उनकी इस शानदार गेंदबाजी की बदौलत इंग्लैंड की पूरी टीम वनडे सीरीज के पहले मैच में 131 रन पर सिमट गई। 21 वर्षीय बियर्डमैन अब वनडे डेब्यू पर किसी ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज द्वारा किए गए सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन के रिकॉर्ड धारक बन गए हैं।
वह वनडे डेब्यू पर 6 विकेट लेने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी भी बन गए हैं। उन्होंने पूर्व तेज गेंदबाज टोनी डोडेमेड को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने 1988 में श्रीलंका के खिलाफ वाका में अपने डेब्यू मैच में 21 रन देकर 5 विकेट लिए थे। इसके अलावा, बियर्डमैन दुनिया के केवल पांचवें ऐसे गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने अपने वनडे डेब्यू पर 6 या उससे अधिक विकेट लिए हैं। वनडे डेब्यू पर सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का रिकॉर्ड स्कॉटलैंड के चार्ली कैसल के नाम है, जिन्होंने 2024 में ओमान के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में 21 रन देकर 7 विकेट लिए थे।
ऑस्ट्रेलिया ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और माइकल हसी के हाथों अपनी डेब्यू कैप पाने वाले बियर्डमैन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए इंग्लैंड की बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर दिया। उन्होंने हैरी ब्रूक, जो रूट, जॉर्डन कॉक्स और सैम करन जैसे अहम खिलाड़ियों के विकेट लिए। इसके बाद लियाम डॉसन और जोफ्रा आर्चर को आउट करके उन्होंने अपने 6 विकेट पूरे किए। जेवियर बार्टलेट और स्पेंसर जॉनसन ने इंग्लैंड के ओपनर्स टॉम बैंटन और बेन डकेट को आउट किया, जिसके बाद बियर्डमैन ने इंग्लैंड की बाकी बल्लेबाजी लाइनअप को ध्वस्त कर दिया।
उन्होंने अपने दूसरे ओवर में ब्रूक को विकेट के पीछे कैच कराया और अगले ही ओवर में रूट को भी विकेट के पीछे कैच आउट करवाया। बियर्डमैन का घातक स्पेल जारी रहा। उन्होंने अपने चौथे ओवर में जॉर्डन कॉक्स को विकेट के पीछे कैच कराया और उसी ओवर में सैम करन को भी आउट किया, जिनका कैच डीप फाइन लेग पर पकड़ा गया।
बियर्डमैन ने अपने पांचवें ओवर में डॉसन को बैकवर्ड प्वाइंट पर कैच आउट कराकर अपने 5 विकेट पूरे किए। इंग्लैंड का स्कोर 63/7 था और फिर 65/8 हो गया, जब जॉनसन ने जेमी ओवरटन को अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया। 9वें विकेट के लिए विल जैक्स और गस एटकिंसन ने संघर्ष किया और 37 रन जोड़े, जिसके बाद जैक्स जॉनसन की गेंद पर विकेट के पीछे कैच आउट हो गए। बियर्डमैन ने वापसी की और आर्चर को बैकवर्ड प्वाइंट पर जैक एडवर्ड्स के डाइव लगाकर पकड़े गए कैच के साथ अपने छह विकेट पूरे किए।

















