बांदा, अनवर रजा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता अपने जवान बेटे की मौत के बाद न्याय पाने के लिए अधिकारियों के चक्कर काटने को मजबूर है। फतेहगंज थाना क्षेत्र के करमाडांडी गांव के रहने वाले रमेश कुमार सविता ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है।
दहेज में 4 लाख रुपये की मांग और प्रताड़ना का आरोप पीड़ित पिता रमेश कुमार सविता का आरोप है कि उनके बेटे आशीष सेन को ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा लगातार दहेज में 4 लाख रुपये की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। इसी मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न से तंग आकर आशीष ने गत 16 अक्टूबर 2026 को आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठा लिया और अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
मौत से पहले बनाया था वीडियो और छोड़ा सुसाइड नोट दुखी पिता के मुताबिक, उनके बेटे ने आत्महत्या करने से पहले एक वीडियो बनाया था और एक सुसाइड नोट भी छोड़ा था। इस वीडियो और सुसाइड नोट में गांव के ही करीब आधा दर्जन लोगों को उसकी मौत के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया गया है। आशीष द्वारा छोड़े गए इन साक्ष्यों में उन तमाम प्रताड़नाओं का जिक्र है जो उसे दी जा रही थीं।
ये भी पढ़ें




फतेहगंज थाने में दर्ज है मुकदमा, पर गिरफ्तारी नहीं इस पूरे मामले में फतेहगंज थाने में पहले से ही मुकदमा दर्ज किया जा चुका है, लेकिन पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस की लचर कार्यशैली के चलते अब तक एक भी मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इसके विपरीत, आरोपियों द्वारा पीड़ित परिवार पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है और लगातार धमकियां दी जा रही हैं, जिससे पूरा परिवार सहमा हुआ है।
जिलाधिकारी से विवेचना ट्रांसफर कराने की मांग न्याय की आस में भटक रहे पीड़ित पिता ने अब बांदा जिलाधिकारी से गुहार लगाई है। उन्होंने मांग की है कि इस मामले की विवेचना (जांच) किसी अन्य सक्षम और निष्पक्ष अधिकारी को ट्रांसफर की जाए, ताकि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके और परिवार को न्याय मिल सके।
















