छतरपुर, संतोष शिवहरे। जिले के हरपालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सरसेड़ में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच उपजा विवाद गंभीर रूप ले चुका है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती आवेदन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
हरपालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सरसेड़ में पुरानी रंजिश के चलते माहौल तनावपूर्ण हो गया है। पीड़ित हरिदास अहिरवार, ओम प्रकाश अहिरवार, उतम अहिरवार, कल्लू अहिरवार, लल्लू अहिरवार और फूला अहिरवार सहित कई ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत दी है। आरोप है कि बीती 12 नवंबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे गांव के ही नारायण अहिरवार, माखनलाल अहिरवार, हरिलाल अहिरवार, जिया लाल अहिरवार, कृपाल अहिरवार, कुट्टी अहिरवार, पंकज अहिरवार, माते उर्फ रामचरण अहिरवार, रोहित अहिरवार और मक्खन अहिरवार ने एकजुट होकर उनके घर पर धावा बोल दिया।
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने घर पहुंचते ही अकारण गाली-गलौज शुरू कर दी। जब परिवार के सदस्यों ने इसका विरोध किया, तो हमलावरों ने उनके साथ जमकर मारपीट की। इस घटना में कई लोगों को शारीरिक चोटें आई हैं। पीड़ितों ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान आरोपी उनका मोबाइल और घर में रखे 10 हजार रुपये नकद भी छीनकर ले गए।
ये भी पढ़ें



घटना के तुरंत बाद पीड़ितों ने हरपालपुर थाने में पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन उनका आरोप है कि स्थानीय पुलिस की ओर से कोई प्रभावी और ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस की सुस्ती के चलते आरोपियों के हौसले इतने बढ़ गए कि वे अगले दिन सुबह फिर से पीड़ितों के घर पहुंच गए और दोबारा मारपीट करने का प्रयास किया। पीड़ितों को लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं, जिससे पूरा परिवार दहशत में है।
पीड़ित हरिदास अहिरवार और अन्य साथियों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई करने तथा भयमुक्त जीवन जीने के लिए परिवार को पुलिस सुरक्षा प्रदान किए जाने की गुहार लगाई है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि एसपी कार्यालय के हस्तक्षेप के बाद स्थानीय पुलिस इस मामले में क्या कदम उठाती है।
















