रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम शहर की कॉमर्स कॉलोनी स्थित मोहन नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अपने घर के बाहर कुर्सी पर बैठकर सुबह का अखबार पढ़ रहे 80 वर्षीय बुजुर्ग अनवर हुसैन पर एक बेकाबू भैंस ने अचानक हमला कर दिया। भैंस ने बुजुर्ग को अपने सींगों से उठाकर दूर उछाल दिया, जिससे वे बुरी तरह लहूलुहान हो गए। गुरुवार सुबह हुई इस घटना की जानकारी देर रात सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने उनके घावों पर कुल 20 टांके लगाए हैं।
सींगों के वार से कई जगह फटी चमड़ी; पत्नी ने हिम्मत दिखाकर भगाया भैंस को
जानकारी के अनुसार, अनवर हुसैन गुरुवार सुबह रोज की तरह अपने घर के बाहर कुर्सी पर बैठकर अखबार पढ़ रहे थे। इसी दौरान गली में अचानक आई भैंसों के झुंड में से एक भैंस ने दौड़कर उन पर हमला कर दिया। भैंस ने सींगों से मारकर उन्हें हवा में उछाल दिया, जिससे वे जमीन पर गिर पड़े। बुजुर्ग की चीख-पुकार सुनकर घर के भीतर मौजूद उनकी पत्नी छोटी बी और आसपास के पड़ोसी तुरंत बाहर दौड़े। छोटी बी ने अदम्य साहस दिखाते हुए भैंस को वहां से भगाया और लहूलुहान हालत में पड़े अपने पति को संभाला। घायल बुजुर्ग के बेटे और पोल्ट्री फार्म व्यवसायी मोहम्मद अली कुरैशी ने बताया कि सींग लगने और सड़क पर गिरने से पिता के दोनों हाथ-पैर, सीने और कमर में गहरे जख्म हुए हैं। कई स्थानों से चमड़ी इतनी बुरी तरह फट गई कि मांस तक बाहर दिखने लगा था। जिला अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार जारी है।
ये भी पढ़ें




मोहल्ले में संचालित हो रहे तबेले को लेकर रहवासियों में आक्रोश; संचालक पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
इस घटना के बाद से मोहन नगर के निवासियों में कॉलोनी में ही संचालित हो रहे एक तबेले को लेकर भारी गुस्सा है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि कॉलोनी में कमल घोसी नामक व्यक्ति का भैंसों का तबेला है, जो रोजाना अपने मवेशियों को मोहल्ले की गलियों में खुला छोड़ देता है। मोहल्ले के लोगों ने बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा का हवाला देते हुए कई बार संचालक से भैंसों को बांधकर रखने की अपील की थी, लेकिन वह किसी की बात नहीं मानता था और शिकायत करने पर उल्टा झगड़े पर उतारू हो जाता था। बेटे मोहम्मद अली कुरैशी की शिकायत पर औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने लापरवाही बरतने वाले तबेला संचालक कमल घोसी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आरोपी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















