भोपाल। मध्य प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने देश और प्रदेश में लगातार बढ़ती महंगाई को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार पर जोरदार निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में महंगाई अनियंत्रित रूप से बढ़ रही है, जिसका सबसे गंभीर असर आम आदमी की रसोई और घरेलू बजट पर पड़ रहा है। खाने-पीने की चीजों से लेकर रोजमर्रा की जरूरत के सामान तक महंगे होने से आम जनता का घर चलाना बेहद मुश्किल हो गया है। कांग्रेस नेता ने तंज कसते हुए कहा— “जनता में है हाहाकार, भाजपा के राज में महंगाई अपार।”
अक्टूबर 2026 के महंगाई के आंकड़े जारी; खुदरा महंगाई दर बढ़कर 6.09 प्रतिशत पर पहुंची
भारत सरकार के सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) द्वारा जारी अक्टूबर महीने की रिपोर्ट का हवाला देते हुए उमंग सिंघार ने बताया कि देश में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 6.09 प्रतिशत हो गई है। इसमें ग्रामीण क्षेत्रों में महंगाई दर 6.63 प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में 5.41 प्रतिशत दर्ज की गई है, जो यह स्पष्ट करती है कि शहरों के मुकाबले गांवों में महंगाई का असर अधिक है। रिपोर्ट के अनुसार, अक्टूबर में खाने-पीने की चीजों की महंगाई दर बढ़कर 8.94 प्रतिशत हो गई। ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्य महंगाई 9.09 प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में 8.68 प्रतिशत रही, जिससे आम लोगों की थाली लगातार महंगी होती जा रही है।
ये भी पढ़ें
सब्जियों के बेकाबू दाम; प्याज की कीमतों में 116% से ज्यादा की भारी बढ़ोतरी
किन चीजों के दाम सबसे ज्यादा बढ़े: सिंघार ने सब्जियों और रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं के आसमान छूते दामों पर गहरी चिंता जताई। अक्टूबर के आंकड़ों के मुताबिक
- प्याज: सालाना आधार पर कीमतों में 116.22 प्रतिशत की भारी वृद्धि हुई है।
- लहसुन: 60.74 प्रतिशत महंगा हुआ है।
- अदरक: 48.32 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
- नींबू: 47.30 प्रतिशत महंगा हुआ है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि रसोई का खर्च लगातार बढ़ रहा है, लेकिन सरकार को आम आदमी की परेशानियों की कोई फिक्र नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'अच्छे दिनों' के वादों पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा राज में जनता को राहत देने के बजाय केवल खोखले जुमले परोसे जा रहे हैं, जबकि हकीकत में जनता की जेब खाली हो रही है।



















