इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के वाहन चालकों के लिए एक नया लेकिन महंगा विकल्प सामने आया है। एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से होने वाले संभावित नुकसान की चिंता करने वाले वाहन मालिकों के लिए अब शहर के चुनिंदा पेट्रोल पंपों पर 100 ऑक्टेन वाला एथेनॉल-मुक्त प्रीमियम पेट्रोल उपलब्ध हो गया है। हालांकि, इस शुद्ध पेट्रोल के लिए ग्राहकों को अपनी जेब काफी ढीली करनी होगी, क्योंकि इसकी कीमत सामान्य पेट्रोल की तुलना में करीब 50 रुपए प्रति लीटर अधिक है। पेट्रोलियम व्यापारियों का दावा है कि इंदौर के कलेक्ट्रेट के पास खुला यह हाई ऑक्टेन पेट्रोल पंप पूरे प्रदेश का पहला ऐसा पंप है।
महंगी कारों के मालिक कर रहे मांग; निपानिया क्षेत्र में भी जल्द होगी शुरुआत
इंदौर पेट्रोल डीलर एसोसिएशन के सदस्य राजेश चौधरी ने बताया कि महंगी और लग्जरी गाड़ियां रखने वाले ग्राहक इस विशेष ईंधन की मांग कर रहे हैं। उन्हें सामान्य पेट्रोल में एथेनॉल की मौजूदगी से अपनी गाड़ियों के इंजन और पार्ट्स पर पड़ने वाले संभावित असर की चिंता रहती है। वर्तमान में इंदौर के कलेक्ट्रेट क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप पर इसकी बिक्री शुरू हो चुकी है और अगले सप्ताह से निपानिया क्षेत्र के एक पंप पर भी यह उपलब्ध हो जाएगा। इस 100 ऑक्टेन पेट्रोल की बिक्री के लिए पंप संचालकों को अलग स्टोरेज टैंक, विशेष डिस्पेंसिंग मशीन और नोजल जैसी अलग व्यवस्थाएं करनी पड़ती हैं। गौरतलब है कि केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने भी जुलाई 2026 में स्पष्ट किया था कि एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से बचने वाले उपभोक्ता 100 प्रतिशत शुद्ध पेट्रोल खरीद सकते हैं, लेकिन इसके लिए उन्हें अधिक कीमत चुकानी होगी।
ये भी पढ़ें
सामान्य, पावर और 100 ऑक्टेन पेट्रोल में अंतर; हर गाड़ी को नहीं मिलेगा इसका लाभ
तीनों ईंधनों के बीच मुख्य अंतर:
- सामान्य पेट्रोल: इसमें 20 प्रतिशत तक एथेनॉल मिला होता है।
- पावर पेट्रोल: इसमें भी 20 प्रतिशत तक एथेनॉल होता है, लेकिन विशेष एडिटिव्स और थोड़ी अधिक ऑक्टेन रेटिंग के कारण इसकी कीमत सामान्य पेट्रोल से करीब 4 रुपए प्रति लीटर ज्यादा होती है।
- 100 ऑक्टेन प्रीमियम पेट्रोल: यह पूरी तरह एथेनॉल-मुक्त (100% शुद्ध पेट्रोल) है, जिसकी कीमत सामान्य से करीब 50 रुपए ज्यादा है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, अधिक ऑक्टेन वाला ईंधन इंजन में अनियंत्रित दहन और 'नॉकिंग' (इंजन की खटखट) की आशंका को कम करता है। हालांकि, इससे हर सामान्य कार का माइलेज बढ़े, यह जरूरी नहीं है। इसका वास्तविक लाभ उन्हीं हाई-एंड और स्पोर्ट्स वाहनों को मिलता है, जिनके इंजन विशेष रूप से हाई ऑक्टेन ईंधन के अनुरूप डिजाइन किए गए हैं।













