सतना, सजल कुमार रजक। देशव्यापी 'स्टीयरिंग छोड़ो अभियान' के तहत सतना में भी ड्राइवर यूनियन ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। इस आंदोलन के चलते शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था चरमराने लगी है। यूनियन के आह्वान पर रीवा रोड स्थित कारगिल ढाबा चौराहे पर चालकों ने प्रदर्शन करते हुए हड़ताल का बिगुल फूंक दिया है। दूसरी ओर, बदखर क्षेत्र में भी आक्रोशित ट्रक चालकों ने वाहनों के पहिए रोककर चक्काजाम कर दिया, जिससे मुख्य मार्ग पर आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
प्रदर्शनकारी ड्राइवरों ने केंद्र और राज्य सरकार के समक्ष अपनी तीन प्रमुख मांगें रखी हैं। यूनियन की मांग है कि चालकों के हितों की रक्षा के लिए तत्काल 'ड्राइवर आयोग' का गठन किया जाए, उनके भविष्य और परिवार की सुरक्षा हेतु 'ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड' की स्थापना हो तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त 'ड्राइवर सुरक्षा कानून' लागू किया जाए। ड्राइवर यूनियन के पदाधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि जब तक सरकार उनकी सामाजिक सुरक्षा और कल्याण के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं बनाती, तब तक यह अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें



















