भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय (पीसीसी) के बाहर लगे पोस्टरों ने प्रदेश की सियासत में हलचल तेज कर दी है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे और पूर्व सांसद नकुलनाथ के भोपाल आगमन से ठीक पहले कांग्रेस कार्यालय के बाहर उनके बड़े-बड़े पोस्टर और होर्डिंग लगाए गए हैं, जिन पर लिखा है— "कांग्रेस की मजबूरी है, नकुलनाथ जरूरी है" और "मध्य प्रदेश की मजबूरी है, नकुलनाथ जरूरी है"। इस पोस्टर वार में सबसे खास और चर्चा का विषय यह है कि इन पोस्टरों से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की तस्वीर पूरी तरह गायब है। वहीं, नकुलनाथ के कार्यक्रम से पहले ही कुछ स्थानों से उनके होर्डिंग उतरवा दिए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में गुटबाजी की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
ये भी पढ़ें




पोस्टरों से पीसीसी चीफ जीतू पटवारी गायब; नकुलनाथ के होर्डिंग उतरवाने का वीडियो वायरल
पीसीसी कार्यालय के आसपास लगाए गए इन पोस्टरों में नकुलनाथ को प्रदेश और पार्टी की जरूरत बताते हुए स्लोगन लिखे गए हैं। लेकिन पोस्टरों में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को जगह न दिए जाने से कांग्रेस के भीतर चल रही आंतरिक खींचतान एक बार फिर सतह पर आ गई है। इसी बीच, नकुलनाथ के भोपाल कार्यक्रम से पहले ही उनके समर्थकों द्वारा लगाए गए होर्डिंग्स उतरवा दिए जाने का मामला सामने आया है। होर्डिंग हटाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर तरह-तरह के सियासी कयास लगाए जा रहे हैं।
हजारों समर्थकों के साथ जुटेंगे नकुलनाथ; राजधानी में दिखेगा सियासी दमखम
जानकारी के अनुसार, नकुलनाथ का कल यानी 14 नवंबर को राजधानी भोपाल में एक बड़ा कार्यक्रम और शक्ति प्रदर्शन प्रस्तावित है। इसके लिए उनके समर्थकों द्वारा पूरे शहर और विशेष रूप से पीसीसी कार्यालय के पास जोर-शोर से पोस्टर-बैनर लगाकर माहौल तैयार किया गया है। इस कार्यक्रम के माध्यम से नकुलनाथ प्रदेश की राजनीति में अपनी सक्रियता और ताकत दिखाने की तैयारी में हैं। बताया जा रहा है कि इस आयोजन में छिंदवाड़ा सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से हजारों की संख्या में समर्थक भोपाल पहुंचेंगे।














