उमरिया, तपस गुप्ता। जिले के शहडोल-कटनी मार्ग पर बीती रात एक बड़ा सड़क हादसा पेश आया है। उचेहरा-घोरचत्र नदी के बीच कोयले से भरा एक अनियंत्रित ट्रक नीचे जा गिरा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद ट्रक का खलासी लगभग नौ घंटे तक क्षतिग्रस्त केबिन के अंदर फंसा रहा, जिसे बाद में पुलिस और बचाव दल ने क्रेन की मदद से बाहर निकाला।

चालक ने किसी तरह बचाई अपनी जान

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक भगवान दास धनपुरी से कोयला लोड कर मैहर के लिए रवाना हुआ था। सफर के दौरान अचानक वाहन की हेडलाइट बंद हो गई और गाड़ी अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। हादसे के तुरंत बाद चालक भगवान दास किसी तरह ट्रक से बाहर निकलने में कामयाब हो गया, लेकिन खलासी सियालाल अंदर ही फंस गया।

नौ घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

आधी रात को हुए इस भीषण हादसे की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और राहत दल तुरंत मौके पर पहुंचे। बचाव दल ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। चारों तरफ बिखरे कोयले के ढेर और क्षतिग्रस्त केबिन के बीच फंसे खलासी तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण था। करीब नौ घंटे तक चले राहत कार्यों के बाद सुबह क्रेन की सहायता से ट्रक को उठाया गया और खलासी को बाहर निकालकर पाली अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना के कारण कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात भी बाधित रहा।