छतरपुर, संजय अवस्थी। ग्राम रोजगार सहायक संघ म.प्र. ने ग्राम पंचायत सीलोन में पदस्थ रोजगार सहायक मुकेश पाण्डेय के खिलाफ लगाई जा रही शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। संघ की ओर से 23 सितंबर 2026 को कलेक्टर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि रोजगार सहायक मुकेश पाण्डेय के खिलाफ सोशल मीडिया पर लगातार आरोप लगाए जा रहे हैं। संघ का कहना है कि ग्राम पंचायत सीलोन में सरपंच पद के लिए उपचुनाव की प्रक्रिया के दौरान भी कुछ शिकायतें एवं सोशल मीडिया पर आरोप सामने आए। संघ ने शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्यों को सामने लाने तथा शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच किए जाने की मांग की है। संघ पदाधिकारियों ने प्रशासन से मामले में उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया है।













