जबलपुर, अनुराग शुक्ला। पुलिस और यातायात विभाग की कार्रवाई के बावजूद शहर में स्टंटबाजी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। डुमना मार्ग इन दिनों स्टंटबाजों का पसंदीदा स्पॉट बनता नजर आ रहा है, जहां बाइक से खतरनाक करतब किए जाने के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते रहते हैं।


हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो में कुछ युवा तेज रफ्तार बाइक चलाते हुए सड़क पर खतरनाक स्टंट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में बाइक सवार संतुलन बिगाड़ने वाले करतब करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि उसी मार्ग पर अन्य वाहन भी गुजरते नजर आ रहे हैं। ऐसे में किसी गंभीर हादसे की आशंका बनी रहती है।


यह भी पढि़ए: इलाके में दहशत:गांव में देर रात आबादी क्षेत्र में पहुंचा मगरमच्छ, वन विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू



वीडियो सामने आने के बाद डुमना मार्ग की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की स्टंटबाजी से युवाओं के साथ-साथ राहगीरों और दूसरे वाहन चालकों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।


पुलिस और यातायात विभाग द्वारा समय-समय पर तेज रफ्तार, खतरनाक ड्राइविंग और स्टंटबाजी के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। इसके बावजूद इस तरह के वीडियो सामने आना प्रभावी निगरानी की जरूरत को दर्शाता है।


अब वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस द्वारा संबंधित युवकों की पहचान कर कार्रवाई की जाती है या नहीं, इस पर नजर है। स्थानीय लोगों ने डुमना मार्ग पर नियमित निगरानी बढ़ाने और स्टंटबाजी पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है। सड़क पर स्टंट रोमांच नहीं, जानलेवा जोखिम है।