नई दिल्ली। कार्तिगई दीपम विवाद पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने तमिलनाडु सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट आदेश के बावजूद तिरुप्परनकुंद्रम के दीपस्तंभ पर दीप जलाने नहीं दिया जाना, भगवान मुरुगन, हिंदू भावनाओं और सुप्रीम कोर्ट, तीनों का अपमान है। आलोक कुमार ने चेतावनी दी कि हिंदू समाज संविधान के दायरे में रहकर सरकार को सामाजिक स्तर पर और वोट के माध्यम से दंडित करेगा। आलोक कुमार ने तमिलनाडु सरकार को घेरते हुए कहा, "आश्चर्य और दुख दोनों है। जो पहाड़ी है, वह भगवान मुरुगन की मानी जाती है। तिरुप्परनकुंद्रम नाम से भगवान का एक प्रसिद्ध मंदिर भी वहां है। मंदिर के पास एक स्तंभ है। परंपरा के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा के दिन उस स्तंभ पर एक भव्य दीप जलता है, जो मीलों दूर से हिंदू समाज को दिखाई देता है और लोग उसे प्रणाम करने और पूजा करने के लिए आते हैं।"

उन्होंने कहा कि बीच में यह परंपरा रोक दी गई थी। हिंदू समुदाय हाई कोर्ट में गया। हाई कोर्ट ने सभी पक्षों को सुना और यह पाया कि यह परंपरा प्राचीन काल से चली आ रही है। न्यायालय ने आदेश दिया कि सरकार इसकी व्यवस्था करे। उस समय भी सरकार ने न्यायालय के आदेश के अनुरूप व्यवस्था नहीं की। सरकार ने अपील की, लेकिन तमिलनाडु हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सहित दो न्यायाधीशों की पीठ ने अपील को खारिज कर दिया और निर्देश दिया कि वहां दीप जलना चाहिए।

वीएचपी के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि सरकार सुप्रीम कोर्ट में गई। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि बाकी मामला बाद में सुना जाएगा, लेकिन इस कार्तिक पूर्णिमा पर परंपरा के अनुसार दीप अवश्य जलना चाहिए। इसके लिए कई सुरक्षा उपाय भी निर्धारित किए गए। केवल वही लोग जाएंगे, जिन्हें देवस्वोम बोर्ड अनुमति देगा। नारेबाजी नहीं होगी, जुलूस नहीं होगा। यह एक संतुलित आदेश था। सरकार के पास इसका पालन करने के अलावा कोई रास्ता नहीं था। लेकिन सरकार ने न्यायालय के आदेश की जानबूझकर और खुलेआम अवहेलना करते हुए दीप स्तंभ पर दीप जलने नहीं दिया। यह संपूर्ण हिंदू समाज का अपमान है। यह भगवान मुरुगन का भी अपमान है। इसलिए भगवान, हिंदू भावनाओं और सुप्रीम कोर्ट, तीनों का अपमान किया गया है।

उन्होंने कहा कि हिंदू समाज संविधान द्वारा बताए गए तरीकों के भीतर रहकर वहां की सरकार को इसका दंड देगा। सामाजिक स्तर पर भी देगा और वोट के माध्यम से भी देगा। भगवान मुरुगन का अपमान करके कोई तमिलनाडु की सत्ता में हमेशा के लिए नहीं रह सकता। हम यह भी विश्वास करते हैं कि सुप्रीम कोर्ट अपने ही आदेश की इस अवहेलना के लिए उचित दंडात्मक कार्रवाई करेगा, जिससे न्यायालय का सम्मान बना रहे, उसके आदेशों की पवित्रता बनी रहे और भविष्य में कोई अन्य व्यक्ति इस प्रकार उन्हें टालने का दुस्साहस न कर सके।

आलोक कुमार ने कहा कि हम सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अवहेलना की बात राष्ट्रपति को भी बताएंगे। ऐसी अवहेलना से यह साबित हो गया है कि तमिलनाडु का शासन संविधान के प्रावधानों के अनुरूप नहीं चल रहा है। इस संबंध में केंद्र सरकार और राष्ट्रपति को विचार करना चाहिए।

भाजपा नेताओं को पुलिस कस्टडी में लेने को लेकर उन्होंने कहा कि यह उनका पुराना तरीका है। वे हिरासत में लेंगे, मुकदमे लगाएंगे, जेल भेजेंगे, मारपीट करेंगे, लेकिन जितना दमन करेंगे, उतना ही आंदोलन तीखा होगा और उतना ही आंदोलन बढ़ेगा। तमिलनाडु सरकार को हिंदू समाज की आस्थाओं का सम्मान करना चाहिए और संविधान द्वारा दिए गए अधिकारों और संवैधानिक मूल्यों को समझना चाहिए।