डिंडोरी। जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय में बुधवार को उस समय अजीबोगरीब और हैरान कर देने वाला नजारा देखने को मिला, जब चार बहनें पांच लाख रुपये नकद से भरा झोला लेकर सीधे एसपी के समक्ष जा पहुंचीं। बहनों ने नोटों का झोला टेबल पर रखकर मदद की गुहार लगाई और अपनी ही एक बहन के पति से पुश्तैनी जमीन के मुआवजे में तय हुए बकाया पांच लाख रुपये दिलाने की मांग की। मामले की गंभीरता और पारिवारिक व राजस्व प्रकृति को देखते हुए एसपी आशीष खरे ने बहनों को पुलिस के बजाय कलेक्टर न्यायालय या सिविल कोर्ट जाने की सलाह दी है। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम के बीच एक हेड कांस्टेबल पर भी पांच लाख रुपये लेने और धमकाने के गंभीर आरोप लगे हैं।
क्या है पूरा मामला: 16 एकड़ जमीन के 29.80 लाख के मुआवजे से शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मरवारी निवासी स्वर्गीय भादू सिंह और फुली बाई की छह बेटियां—कलावती, कलिया, मल्ली, हेमवती, भगवती और रजनी हैं। उनका कोई बेटा नहीं था और सभी बेटियों की शादी हो चुकी थी। बुढ़ापे में सेवा और सहारे के लिए माता-पिता ने अपनी एक बेटी मल्ली बाई और दामाद चूरामन भरिया को अपने साथ घर में रख लिया था। वर्ष 1998 में भादू सिंह और 1999 में फुली बाई का निधन हो गया, जिसके बाद सभी बहनों ने मिलकर अंतिम संस्कार व अन्य रीति-रिवाज संपन्न किए। बताया जाता है कि माता-पिता की 16 एकड़ जमीन का दानपत्र मल्ली बाई और चूरामन के नाम था, जिस पर वे खेती करते थे। हाल ही में यह 16 एकड़ भूमि राघोपुर बहुउद्देशीय बांध परियोजना के डूब क्षेत्र में आ गई, जिसके एवज में शासन द्वारा 29 लाख 80 हजार रुपये का मुआवजा स्वीकृत हुआ। मुआवजा मिलने की जानकारी लगते ही अन्य चारों बहनें अपना हिस्सा मांगने गांव पहुंचीं। गांव में पंचायत भी बैठी, लेकिन हिस्सेदारी पर सहमति नहीं बन सकी।
ये भी पढ़ें




10 लाख में हुआ था समझौता, हेड कांस्टेबल पर लगे पैसा लेने व धमकाने के आरोप
आपसी सहमति न बनने पर चारों बहनों ने बीते 13 नवंबर को विक्रमपुर पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई, जिसकी जांच चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक (हेड कांस्टेबल) सतेंद्र पटेल को सौंपी गई। प्रारंभ में प्रधान आरक्षक ने उन्हें न्यायालय जाने की सलाह दी, लेकिन बहनों द्वारा गरीबी का हवाला देकर मामला स्थानीय स्तर पर ही सुलझाने का आग्रह करने पर पुलिस ने दूसरे पक्ष चूरामन को बुलाया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच 10 लाख रुपये में समझौता तय हुआ, जिसमें पांच लाख रुपये नकद दिए गए और शेष पांच लाख रुपये बैंक से निकालकर देने की बात तय हुई।
इसी बीच सोमवार को मल्ली बाई के पति चूरामन भरिया ने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की कि मुआवजे की राशि में से प्रधान आरक्षक सतेंद्र पटेल ने पांच लाख रुपये ले लिए हैं और अब वे उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। दूसरी ओर, मंगलवार और फिर बुधवार को चारों बहनें (कलावती, हेमवती, भगवती और कलिया) वही पांच लाख रुपये नकद लेकर एसपी कार्यालय पहुंच गईं और शेष राशि दिलाने की मांग करने लगीं।
एसपी ने दी सिविल कोर्ट या कलेक्टर न्यायालय जाने की सलाह
मामले में एसपी आशीष खरे ने मदद के लिए पहुंची चारों बहनों को स्पष्ट किया कि यह संपत्ति और मुआवजे के बंटवारे से जुड़ा दीवानी (सिविल) मामला है। उन्होंने बहनों को सलाह दी कि वे या तो गांव की पंचायत के माध्यम से आपसी सहमति से मामले का निपटारा करें, अथवा कलेक्टर कार्यालय में आवेदन दें और वहां भी समाधान न होने पर सिविल कोर्ट की शरण लें, क्योंकि पुलिस केवल आपराधिक मामलों में ही वैधानिक कार्रवाई करती है। वहीं, प्रधान आरक्षक द्वारा पांच लाख रुपये लिए जाने के आरोपों पर मीडिया से चर्चा करते हुए एसपी ने कहा कि चूंकि पीड़ित पक्ष ने पुलिस में शिकायत की थी, संभवतः इसी कारण हेड कांस्टेबल ने समझौते के लिए कुछ हस्तक्षेप किया हो, पूरे मामले के तथ्यों को देखा जा रहा है।

















