इंदौर। शहर के आजाद नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिग्नेचर हाइट्स के समीप मिले एक अज्ञात अधजले शव की अंधी गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। शव के बुरी तरह जल जाने के कारण प्रारंभ में मृतक की शिनाख्त करना बेहद कठिन था, लेकिन पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के सिर में लगी एक सर्जिकल प्लेट पर अंकित सीरियल नंबर पुलिस के लिए सबसे बड़ा सुराग साबित हुआ। इसी सीरियल नंबर के सहारे पुलिस ने मृतक की पहचान एरोड्रम क्षेत्र निवासी ई-रिक्शा चालक विनय सोलंकी के रूप में की, जो बीते 21 नवंबर से लापता था। मामले में पुलिस ने हत्या के मुख्य संदेही वंदना नगर (छोटा बांगड़दा) निवासी 26 वर्षीय ई-रिक्शा चालक अजय कपारिया पिता महेंद्र कपारिया को हिरासत में ले लिया है।
अस्पताल के रिकॉर्ड से हुई मृतक की पहचान, गला घोंटकर की गई थी हत्या
डीसीपी नरेंद्र रावत ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि विनय की पहले गला घोंटकर हत्या की गई थी और बाद में पहचान व साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को आग के हवाले किया गया। पोस्टमार्टम के दौरान सिर में मिली सर्जिकल प्लेट के सीरियल नंबर के आधार पर जब पुलिस ने अरबिंदो अस्पताल का रिकॉर्ड खंगाला, तो पता चला कि वर्ष 2025 में विनय के सिर के ऑपरेशन के दौरान यह प्लेट लगाई गई थी। इसके बाद एरोड्रम थाने में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट के आधार पर परिजनों ने विनय की पुष्टि की।
ये भी पढ़ें




'दृश्यम' फिल्म देखकर रची साजिश, लोकेशन से बचने घर पर छोड़ा मोबाइल
पुलिस पूछताछ और जांच में सामने आया है कि आरोपी अजय कपारिया ने फिल्म 'दृश्यम' देखकर पुलिस को गुमराह करने और कानून के शिकंजे से बचने की पूरी योजना तैयार की थी। पुलिस उसके मोबाइल की लोकेशन ट्रेस न कर सके, इसलिए वह वारदात को अंजाम देते समय अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़कर निकला था। अजय ने सुजीत नामक एक युवक को जैकेट दिलाने का बहाना बनाया और विनय को उसके घर के पास से अपने साथ ले गया। डीसीपी रावत ने स्पष्ट किया कि इस मारपीट या हत्या में सुजीत की कोई भूमिका नहीं थी, बल्कि उसी के बयान से मिले महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर पुलिस मुख्य आरोपी अजय तक पहुंच सकी।
गांजा पिलाकर कंबल से घोंटा गला, सबूत मिटाने अपने कपड़े भी जलाए
डीसीपी के मुताबिक, आरोपी अजय विनय को अपने घर ले गया, जहां पहले उसे गांजा पिलाया और फिर कंबल से गला घोंटकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए उसने लाश को कंबल में लपेटा और अपने ही ई-रिक्शा में रखकर ऊपर से कपड़ों की गठरी डाल दी, ताकि किसी को शक न हो। आरोपी कई घंटों तक शहर में ई-रिक्शा लेकर भटकता रहा और अंततः आरआई-2 इलाके के एक सुनसान स्थान पर ले जाकर कंबल समेत शव को आग लगा दी। इतना ही नहीं, फोरेंसिक और पुलिस सबूत मिटाने के लिए उसने घटना के समय अपने पहने हुए कपड़ों को भी जला दिया और घर जाकर आराम से सो गया।
पत्नी से दोस्ती के शक में उतारा मौत के घाट
डीसीपी नरेंद्र रावत ने बताया कि जैकेट दिलाने का विवाद महज विनय को घर से बाहर बुलाने और साथ ले जाने का एक बहाना था। इस हत्या के पीछे की असली वजह व्यक्तिगत रंजिश और शक था। दरअसल, आरोपी अजय को संदेह था कि उसकी पत्नी की विनय (वीनू) के साथ दोस्ती है। इसी बात से नाराज होकर उसने खौफनाक साजिश रची और विनय को मौत के घाट उतार दिया। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए मुख्य संदेही अजय कपारिया से विस्तृत पूछताछ कर रही है।

















